पटना. राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) पूरे देश में बीजेपी और एनडीए (NDA) के सभी घटक दल के नेताओं से मुलाकात कर उनसे अपने पक्ष में वोट की अपील कर रही हैं. इसी क्रम में द्रौपदी मुर्मू आज एक दिन के बिहार दौरे पर आ रही हैं. उनके आगमन को देखते हुए बिहार बीजेपी (Bihar BJP) की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है और कार्यक्रम की जिम्मेदारी बिहार सरकार के श्रम एवं संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा को दी गई है.
उनके कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंत्री जीवेश मिश्रा ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू सुबह 10 बजे विशेष विमान से पटना (Patna) पहुंचेंगी. हवाई अड्डा से द्रौपदी मुर्मू सीधे हार्डिंग रोड स्थिति बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगी. यहां से वो गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या जाएंगी जहा पर एनडीए के घटक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगी. इसके बाद आज ही दोपहर डेढ़ बजे द्रौपदी मुर्मू वापस दिल्ली लौट जाएंगी.
द्रौपदी मुर्मू के पटना आगमन से उत्साहित बीजेपी नेताओं ने उनके स्वागत की विशेष तैयारी की है. हवाई अड्डा, होटल मौर्या और बिरसा मुंडा की प्रतिमा, द्रौपदी मुर्मू को जहां-जहां जाना है बीजेपी ने पार्टी के अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी है.
जीवेश मिश्रा में कहा कि एनडीए के घटक दल के विधायकों और सांसदों से द्रौपदी मुर्मू मुलाकात करेंगी. इस दौरान बिहार एनडीए के बड़े नेता भी यहां मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि विरोधी दल की भी कई महिला नेता द्रौपदी मुर्मू के साथ हैं इसलिए नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, लेफ्ट के नेताओं सहित सभी विपक्षी दलों कें नेताओं से अपील करता हूं कि वो सभी द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन दें.
जीवेश मिश्रा ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए सर्वसहमति का प्रयास किया था, लेकिन जब विपक्ष ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी तब बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा की. बता दें कि देश के सोलहवें राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को चुनाव होना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bihar News in hindi, Bihar politics, Draupadi murmu, Presidential election 2022