B'day: पवन मल्होत्रा का ‘नुक्कड़’ से ‘ग्रहण’ तक का सफर, पुरानी दिल्ली में जब लोग उन्हें देख चिल्लाने लगे थे

पवन मल्होत्रा को जन्मदिन की शुभकामनाएं. (फोटो साभार: pavanrajmalhotra/Instagram)

पवन मल्होत्रा (Pavan Malhotra) आज अपना 63वां बर्थडे मना रहे हैं. इनकी फिटनेस देख अंदाजा लगाना मुश्किल है कि जीवन के 62 बसंत देख चुके हैं. थियेटर आर्टिस्ट पवन अपनी मेहनत की बदौलत बॉलीवुड में अलग पहचान बना चुके हैं.

  • Share this:
    मुंबई: दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘नुक्कड़’ (Nukkad)  से पहचान बनाने वाले एक्टर पवन मल्होत्रा (Pavan Malhotra) का जन्म 2 जुलाई 1958 में दिल्ली में हुआ था. पवन ने टीवी से लेकर सिल्वर स्क्रीन की दुनिया में आए बदलाव को करीब से देखा है. पवन दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं. पवन का थियेटर जाना महज इत्तेफाक था. दोस्तों के साथ  जो एक बार गए तो फिर वहीं के होकर रह गए. थियेटर की वजह से पवन को दूरदर्शन में बहुत ही आसानी से काम मिल गया था. 1986 में ‘नुकक्ड़’  में रोल प्ले करने वाले पवन को देश भर के नुक्कड़ पर पहचाना जाने लगा. इससे जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी है.

    पवन मल्होत्रा  एक बिजनेस फैमिली से आते हैं. उनके पिता भी चाहते थे कि बेटा उनके बिजनेस को आगे बढ़ाए, लेकिन बेटे का दिल तो एक्टिंग में लगता था. पवन ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘उनके पिता का पुरानी दिल्ली में ऑफिस था. वहां वे अक्सर जाते थे. लेकिन ‘नुक्कड़’ के बाद गए तो उन्हें देखने वालों का मजमा लग गया. लोगों ने मेरे पिताजी से मुझे बाहर बुलाने की रिक्वेस्ट की तो जैसे ही मैं बाहर आया लोग मेरा नाम लेकर चिल्लाने लगे. पिताजी हैरान थे और उन्हें अपने बेटे पर गर्व भी हो रहा था. उनके चेहरे पर जो खुशी थी उसे मैं बयां नहीं कर सकता’.

    धीरे-धीरे पवन के पास कई धारावाहिकों में काम मिलने लगा. छोटे पर्दे से बॉलीवुड में हाथ आजमाया. पहली फिल्म मिली ‘अब आएगा मजा’, इसके बाद तो मुड़ कर नहीं देखा. निर्देशक बुद्धदेव दासगुप्ता की फिल्म ‘बाघ बहादुर’ और सईद अख्तर मिर्जा की फिल्म ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’ के लिए नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किए गए.

    हाल ही में डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘ग्रहण’ में पवन मल्होत्रा ने जबरदस्त एक्टिंग की है. रंजन चंदेल के निर्देशन में बनी इस सीरीज में पवन ने बेहद कम डायलॉग्स बोले हैं लेकिन अपनी हाव-भाव और शानदार अदाकारी से इसे सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है. लेखक सत्य व्यास की किताब ‘चौरासी’ पर आधारित इस सीरीज में पवन मल्होत्रा ने बता दिया है कि अभी लंबी पारी खेलनी है.

    (फोटो साभार: pavanrajmalhotra/Instagram)


    पवन मल्होत्रा की खासियत है कि निगेटिव-पॉजिटिव दोनों ही तरह के किरदार में इंसाफ करते नजर आते हैं.  ‘डान’, ‘ब्लैक फ्राइडे’ , ‘भाग मिल्खा भाग’, ‘रुस्तम’, ‘जब वी मेट’, ‘जुड़वा 2’ जैसी फिल्मों की लंबी फेहरिस्त  है जिसमें पवन  ने कमाल की एक्टिंग की है.