मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान के वकील ने बंबई हाई कोर्ट में दलील दी है कि 2002 के हिट-एंड-रन मामले के बाद सलमान के खून में अल्कोहल होने का पता लगाने की जांच के लिए लिए गए रक्त के नमूनों के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका लगती है। हाई कोर्टसलमान को मामले में दोषी करार दिए जाने और पांच साल की कैद की सजा सुनाए जाने के खिलाफ उनकी अपील पर सुनवाई कर रहा है। सलमान को 28 सितंबर, 2002 को बांद्रा में अपनी टोयोटा लैंड क्रूजर कार से एक दुकान में टक्कर मारने और कार से कुचलकर एक व्यक्ति की जान लेने और चार अन्य को घायल करने का दोषी ठहराया गया था।
सलमान के वकील अमित देसाई ने दलील दी कि सलमान को खून की जांच के लिए जे जे अस्पताल ले जाये जाने के बाद से साक्ष्यों में विसंगतियां देखी गईं। देसाई ने न्यायमूर्ति ए आर जोशी के सामने दलील दी कि विसंगतियां दिखाती हैं कि हो सकता है कि नमूनों के साथ छेड़छाड़ की गई हो।
देसाई ने कहा कि हमें विश्वास नहीं है कि जिन नमूनों को विश्लेषण के लिए भेजा गया, वे सलमान के थे। उन्होंने कहा कि इस बात को लेकर संशय था कि सलमान के रक्त का नमूना 28 सितंबर को दोपहर 2:35 बजे लिया गया या दोपहर तीन बजे लिया गया। क्योंकि दो अलग अलग मेमो में अलग अलग समय दिखाया गया है।
वकील ने कहा कि नमूनों को सही तरीके से सील नहीं किया गया था और सलमान की पूर्व मंजूरी हासिल नहीं की गई। लेकिन एक कागज पर उनके अंगूठे का निशान था। जब मौखिक सहमति थी तो अंगूठे के निशान की जरूरत क्यों पड़ी। सुनवाई कल जारी रहेगी।
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bombay high court, Salman khan
FIRST PUBLISHED : October 07, 2015, 07:01 IST