Jhajjar: दुकानदार को फोन कर बोले बदमाश- 5000 की सख्त जरूरत है, गूगल-पे कर दो, नहीं तो...

रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Extortion in Haryana: दुकानदार ने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले ने अपना नाम सेठी बताया और कहा कि उसे 5000 रुपये की सख्त जरूरत है. अभी उक्त नंबर पर फोन पे या गूगल पे कर दो, नहीं तो आपके लिए अच्छा नहीं होगा. बदमाशों ने इलाके के एक वकील से 10 लाख की फिरौती मांगी है.

  • Share this:
झज्जर. हरियाणा के झज्जर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलन्द हो गए है. झज्जर में जहां मनी ट्रांसफर करने वाले एक दुकानदार से फोन पर रंगदारी मांगी गई है. वहीं वकील को डाक के जरिए उसके घर के पते पर एक पत्र भेजा गया है, जिसमें पत्र के जरिए दस लाख रूपए की फिरौती मांगी (Demanded ransom of ten lakh rupees) गई है. मनी ट्रांसफर करने वाले दुकानदार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जहां पुलिस ने चार आरोपियों को दबोच लिया है. वहीं वकील से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने जल्द ही खुलासा करने और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की बात कही है.

बता दें झज्जर के सिलानी गेट क्षेत्र में मनी ट्रांसफर (Money Transfer) का काम करने वाले एक दुकानदार के यहां दो माह पूर्व भी बदमाशों ने हथियारों के बल पर दो लाख रूपए लूट लिए थे. उसी दुकानदार को बीती शाम पांच हजार की रंगदारी देने का फोन आया. बाद में जब पुलिस में मामला पहुंचा तो पुलिस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

वकील से मांगी 10 लाख की फिरौती
उधर दूसरा मामला झज्जर के गांव हसनपुर का है. यहां पर एक वकील के घर डाक से एक पत्र आया है. पत्र में दस लाख रूपए की फिरौती की मांग की गई है. पत्र में साफ शब्दों में लिखा है कि वकील अपनी स्कूटी पर ही यह रकम लेकर आए और उन्हें सौंप दे. इस मामले में भी पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है.

जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित द्वारा शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले का खुलासा करने के लिए अपने स्तर पर जांच में जुटी हुई है. डीएसपी राहुल देव शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. उन्होंने आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की बात भी कही है.