यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर में महिलाओं की शिक्षा के लिए समर्पित समाजसेवी प्रोफेसर ओमप्रकाश गांधी (Omprakash Gandhi) को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री (PadamShri) देने की घोषणा की गई है. हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ने घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar lal Khattar) ने फोन पर बधाई दी. इस खबर से यमुनानगर वासियों में खुशी की लहर है.
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने प्रो ओमप्रकाश गांधी को उनके आवास पर पहुंच कर उन्हें बधाई दी. विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि आज ही के दिन संविधान लागू हुआ. संविधान निर्माताओं ने सभी को बराबरी का हक दिया और कल ही केंद्र सरकार ने यमुनानगर के प्रसिद्ध समाजसेवी ओम प्रकाश गांधी को पद्मश्री अवार्ड की घोषणा की है. यह हरियाणा के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश गांधी ने पूरा जीवन समाज सेवा व कन्याओं की सेवा व उनकी शिक्षा में लगा दिया.
गांधी ने कहा- सम्मान मिलने से जिम्मेदारी बढ़ गई
वहीं पद्मश्री मिलने पर ओम प्रकाश गांधी ने केंद्र व प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है. उन्होंने कहा कि यह हजारों लोगों के सहयोग से संभव हुआ है. उन्होंने कहा कि कन्याओं की शिक्षा के लिए वह आगे भी कार्य करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि पद्मश्री मिलने पर यह खत्म नहीं हो जाता इसे और आगे बढ़ाना है.
देशभर की लड़कियां पढ़ती हैं इनके स्कूल में
ओमप्रकाश गांधी ने यमुनानगर के देवधर में गुर्जर कन्या विद्या मंदिर की स्थापना की. इस संस्था द्वारा प्रतिदिन सुबह सवेरे हवन किया जाता है. उसके बाद कक्षाएं शुरू होती हैं. इस कन्या विद्यालय में पूरे देश के लगभग सभी राज्यों से कन्याए शिक्षा ग्रहण कर रही हैं. इसके अलावा 14 जनवरी को एक और कन्या विद्यालय खोलने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से शिलान्यास करवाया गया है. पद्मश्री मिलने पर ओम प्रकाश गांधी ने केंद्र सरकार व इस कार्य के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Haryana news, Padam awards, Padam shri