रांची. झारखंड के कई इलाकों में रविवार को उमस भरी गर्मी के बीच उत्तर पूर्वी भाग में लू की स्थिति बनी रही. मेदिनीनगर में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. गिरिडीह में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. लू की स्थिति निचले स्तर पर दक्षिण और दक्षिण पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म पछुआ हवा की वजह से बनी हुई है. आने वाले कुछ दिन तक इसमें सुधार की संभावना नहीं है.
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने अगले पांच दिनों के पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए बताया है कि आने वाले कुछ दिन और झारखंड में अधिकतम तापमान में कुछ बड़े बदलाव नहीं होंगे. हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि झारखंड में उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भी हिट वेब चलेगी. झारखंड के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है जिस कारण क्षेत्र में आंशिक बादल देखने को मिलेगा, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है.
राज्य के 14 जिलों में हजारीबाग के अलावा कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा. इसके अलावा राज्य के रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़ और बोकारो जिलों में तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताया है
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Heat Wave, Jharkhand news