रांची. हॉकी के क्षेत्र में झारखंड ने एक बार फिर नया कीर्तिमान बनाया है. राज्य की एक साथ छह खिलाड़ी भारतीय महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए चयनित हुई हैं. एक दशक से ज्यादा समय के बाद झारखंड के छह खिलाड़ी का चयन सीनियर टीम के कैंप के लिए हुआ है. इन खिलाड़ियों में ओलंपियन निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, जूनियर भारतीय टीम की सदस्य रही संगीता कुमारी, सुषमा कुमारी, जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व सदस्य अल्फा केरकेट्टा और हॉकी झारखंड की ओर से इस बार सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाली रीमा बाखला शामिल हैं.
झारखंड के इतिहास में यह पहला अवसर है कि 6 खिलाड़ियों में हॉकी के सभी पोजीशन से भी खिलाड़ी चयनित किए गए हैं. गोलकीपर के रूप में अल्फा केरकेट्टा, डिफेंडर में रीमा बाखला, मिडफील्डर में सलीमा टेटे और सुषमा कुमारी, वहीं फॉरवर्ड की पोजीशन में संगीता कुमारी का चुना जाना यह दर्शाता है कि हॉकी झारखंड हर पोजिशन के खिलाड़ियों को तैयार करने में माहिर है.
महिला खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह समेत तमाम अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं. दरअसल निक्की प्रधान और सलीमा टेटे ने राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान पक्का कर अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी उपयोगिता साबित की है. ओलंपिक में भी भारतीय महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन में इन दोनों खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका थी.
इस बार जूनियर राष्ट्रीय टीम से भी झारखंड के खिलाड़ियों ने सीनियर टीम में अपना स्थान बनाया है. सबसे बड़ी बात यह है कि सभी पोजीशन पर खेलने वाले खिलाड़ियों का चयन झारखंड की ओर से राष्ट्रीय कैंप के लिए किया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Hockey News, Indian women hockey team, Jharkhand news