नई दिल्ली. मेजबान इंग्लैंड ने ओवल ग्राउंड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में श्रीलंका को आठ विकेट से मात दी है. इसके साथ ही इंग्लैंड तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है. डेविड विली, सैम करन, जो रूट और ऑयन मॉर्गन इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे. गेंदबाजी में सैम करन और डेविड विली ने कहर ढाया तो लक्ष्य का पीछा करते हुए जेसन रॉय, रूट और कप्तान मॉर्गन ने अर्धशतकीय पारियां खेली. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम कप्तान ने धनंजय डि सिल्वा 91 रन और दासुन शनाका के 47 रन की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 241 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने 43 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर यह मैच जीत लिया.
जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो की धमाकेदार शुरुआत
इंग्लैंड की ओर से पहले विकेट के लिए जेसन रॉय और बेयरस्टो ने 76 रन जोड़े. बेयरस्टो 29 रन बनाकर वाहिंदु हसरंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए. इंग्लैंड का दूसरा विकेट 104 रन पर गिरा. जेसन रॉय ने 52 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 60 रन बनाए. रॉय को चामिका करुणारत्ने ने धनंजय डि सिल्वा के हाथों कैच हराया. इसके बाद कप्तान मॉर्गन और लगातार दूसरे मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले जो रूट ने इंग्लैंड को कोई झटका नहीं लगने दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े. रूट ने 87 गेंदों में पांच चौके की मदद से 68 रन की पारी खेली जबकि मॉर्गन 75 रन (8 चौका, एक छक्का) रन बनाकर नाबाद रहे.
सैम करन की कातिलाना गेंदबाजी
इससे पहले, श्रीलंका की ओर से डि सिल्वा और दासुन शनाका के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसके कारण टीम निर्धारित 50 ओवर में 250 का भी आंकड़ा पार नहीं कर सकी. वनडे करियर में पहली बार पांच विकेट लेने वाले सैम करन ने दूसरे ही ओवर में कप्तान कुशल परेरा (0) और अविष्का फर्नांडो को आउट कर श्रीलंका की कमर तोड़ दी. इसके बाद करन ने अगले ही ओवर में पथुम निसांका को बोल्ड कर दिया. एक समय श्रीलंका के चार विकेट सिर्फ 21 रन के स्कोर पर गिर गए थे जिसके बाद डि सिल्वा और हसरंगा ने पारी को संभाला.
यह भी पढ़ें:
WI vs SA 4th T20I: पोलार्ड का आतिशी अर्धशतक, ब्रावो ने झटके 4 विकेट, वेस्टइंडीज ने अफ्रीका को हराया
वेस्टइंडीज की पूरी टीम मात्र 25 रन पर ढेर, आयरलैंड के सामने कोई बल्लेबाज नहीं छू सका था दहाई का आंकड़ा
दोनों पांचवें विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की. सैम करन ने हसरंगा को 26 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. सैम करन ने 48 रन देकर पांच और विली ने 64 रन देकर चार विकेट झटके.