जमशेदपुर। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि अब भी उनमें काफी क्रिकेट बची हुई है। गांगुली ने कहा कि धोनी बेहतरीन क्रिकेटर है और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानदंड तय किए हैं। उनमें अब भी कुछ साल तक भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्रिकेट बची हुई है।
अगले विश्व कप में भारत के संभावित कप्तान पर गागुली ने कहा कि विश्व कप 2019 में होना है और हमारे पास वनडे कप्तान पर फैसला करने के लिये काफी समय है। उन्होंने कहा कि किसी को भी धोनी के स्तर तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत और अच्छा प्रदर्शन करना होगा जिन्होंने क्रिकेट जगत में कुछ मानदंड तय किए हैं।
भारतीय टीम में उनकी तरह की आक्रामकता कौन रखता है के सवाल पर गांगुली ने कहा कि विराट कोहली। वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और देश की अगुवाई करने के लिए काफी कुशल है। कैब अध्यक्ष ने युवराज सिंह की आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टी-20 टीम में वापसी का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि वह अच्छा प्रदर्शन करके खुद को साबित करेगा।
भारत पाक श्रृंखला के बारे में गांगुली ने कहा कि प्रत्येक चाहता है कि भारत-पाक सारीज बहाल हो क्योंकि इन दोनों देशों के बीच मैच रोमांचक होते हैं। हम चाहते हैं कि श्रृंखला हो लेकिन सब कुछ बोर्ड के हाथों में नहीं है। इस संबंध में सरकार को फैसला करना होता है।
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Cricket, Ms dhoni, Saurav ganguly, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : December 23, 2015, 07:48 IST