
ISSF World Cup: सौरभ चौधरी ने जीता कांस्य पदक (फोटो-सौरभ चौधरी इंस्टाग्राम)
क्रोएशिया के ओसियेक में चल रहे ISSF World Cup में सौरभ चौधरी (Saurabh Chaudhary) ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य जीता. मनु भाकर समेत अन्य भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा.
नई दिल्ली. क्रोएशिया के ओसियेक में चल रहे ISSF World Cup में भारत को पहला पदक सौरभ चौधरी (Saurabh Chaudhary) ने दिलाया. सौरभ ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया. सौरभ पहले स्वर्ण पदक जीतने के दावेदार थे लेकिन एक निशाने में उन्हें महज 8.7 अंक मिले जिसके बाद वो वापसी नहीं कर सके. सौरभ चौधरी के अलावा अभिषेक वर्मा ने भी इस इवेंट के फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन वो पांचवें नंबर पर रहे.
सौरभ चौधरी के अलावा मनु भाकर (Manu Bhaker) समेत अन्य निशानेबाजों ने निराश किया. पदक के दावेदार मानी जा रही मनु भाकर तो पोडियम तक भी नहीं पहुंच पाईं. मनु महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में 137.3 स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रही जबकि इलावेनिल और दो अन्य भारतीय खिलाड़ी महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने में असफल रहीं. ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में सातवें स्थान पर रहे.
तोक्यो ओलंपिक से पहले भारतीय निशानेबाजी टीम के लिये यह आखिरी प्रतियोगिता है. बीस वर्षीय ऐश्वर्य ने क्वालीफाईंग दौर में 628 का स्कोर बनाया. उन्होंने फाइनल में बाहर होने से पहले 143.9 अंक बनाये. भारत के दो अन्य निशानेबाज दीपक कुमार (626) और दिव्यांश सिंह पंवार (624.7) क्वालीफाईंग दौर में 14वें और 27वें नंबर पर रहे. महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भी भारतीयों को निराशा ही हाथ लगी तथा अंजुम मोदगिल, अपूर्वी चंदेला और वलारिवान फाइनल में जगह बनाने में असफल रहीं.
निशानेबाजों ने किया निराश
अपूर्वी ने भारत की तीनों खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वह 624.2 अंक लेकर 24वें स्थान पर रही. अंजुम 622.3 अंक के साथ 42वें स्थान पर रही जबकि इलावेनिल ने 621.2 अंक बनाये और उन पर सही स्कोर किये गये शॉट पर विरोध जताने के लिये दो अंकों की पेनल्टी भी लगी. जूनियर विश्व कप की स्वर्ण पदक विजेता इलावेनिल ने शुरू में 623.2 अंक बनाये थे और वह 35वें स्थान पर थी लेकिन दो अंक की पेनल्टी लगने के कारण वह 55वें स्थान पर खिसक गयी. आईएसएसएफ के नियमों के अनुसार यदि परिणाम, टाइमिंग और स्कोरिंग (आरटीएस) ज्यूरी को लगता है कि जिस शॉट के लिये विरोध जताया गया है उसकी स्कोरिंग सही की गयी थी तो फिर निशानेबाज पर दो अंक की पेनल्टी लगती है.
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु के अलावा यशस्विनी सिंह देसवाल ने भी फाइनल में जगह बनायी लेकिन वह 117.1 के स्कोर के साथ आठवें स्थान पर रही. मनु ने क्वालीफाईंग 577 का स्कोर बनाकर छठे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनायी थी. यशस्विनी ने 578 का स्कोर बनाया था. राही सरनोबट ने क्वालीफाईंग में 572 का स्कोर बनाया और वह 13वें स्थान पर रहने के कारण फाइनल्स में जगह नहीं बना पायी. (भाषा के इनपुट के साथ)