नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा नई नवेली इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) से नाराज हैं। नाराजगी की उनकी वजह है लीग के लिए हुई नीलामी में उनके बेस प्राइस में कटौती। कॉमनवेल्थ गेम्स की महिला युगल चैंपियंस ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को क्रमशः दिल्ली स्मैशर्स और पुणे पिस्टन ने खरीदा है। ज्वाला को 31 हजार डॉलर मिले तो अश्विनी को 25 हजार। दोनों का बेस प्राइज 50 हजार डॉलर था लेकिन फ्रेंचाइजी के साथ आखिरी क्षण हुई मीटिंग में इसे घटाकर 25 हजार डॉलर कर दिया गया।
ज्वाला ने कहा कि मैं बहुत निराश हूं। मैंने और अश्विनी ने आईकन प्लेयर के रूप में कांट्रैक्ट साइन किया था और हमें इससे बेहतर डील दी जानी चाहिए थी। हमें हमारे बेस प्राइज में कटौती के बारे में नहीं बताया गया। यहां तक कि महिला डबल्स को महिला सिंगल्स में बदलने की बात भी हमें बाद में पता चली। मैं क्या कह सकती हूं, सिवाय इसके कि निराश हूं।
आईबीएल के कमर्शियल पार्टनर स्पोर्टी सोलूशंस के सीईओ आशीष चड्ढा ने कहा कि शटलर्स के लिए बोलियां टक्कर की लगीं लेकिन ज्वाला और अश्विनी बिना बिके ही रह गईं। इसके बाद ये निर्णय लिया गया कि उनके बेस प्राइज को घटाकर 25 हजार डॉलर कर दिया जाए ताकि सभी आईकन प्लेयर्स को नीलामी में शामिल किया जा सके।
चड्ढा ने कहा कि ज्वाला और अश्विनी को महिला डबल्स के मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए आईकन प्लेयर के रूप में साइन किया गया था, जो बाद में महिला सिंगल्स मुकाबलों में बदल दिए गए। ऐसे में आईबीएल ने खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए और उन्हें नुकसान न होने देने के लिए ये निर्णय लिया। हमने उन्हें बाकी का अमाउंट देने का फैसला किया है।
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Badminton, Jwala gutta
FIRST PUBLISHED : July 23, 2013, 09:01 IST