लखनऊ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है. उन्होंने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के धक्कामार राज में जनता के लिए बनी उप्र की आपातकालीन सेवाएं स्वयं ही संकट में हैं… अब ये स्वयं जनता के सहारे हैं. ये कैसा विरोधाभास है. सपा प्रमुख ने एक वीडियो भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है. इससे पहले अखिलेश ने सीएम योगी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनकी सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है.
सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हैं. गरीब लोग इलाज के अभाव में मर रहे हैं और भीषण गर्मी के दिनों में हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं. सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में दवा नहीं होने से मरीजों को परेशानी हो रही है, जबकि कन्नौज मेडिकल कॉलेज में पीने का पानी तक नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कन्नौज के जिला अस्पताल के ‘ब्लड बैंक’ में ‘नेगेटिव ग्रुप ब्लड’ की एक भी यूनिट नहीं बची है. यहां जरूरत पड़ने पर मरीजों को खून के लिए कानपुर और लखनऊ जाना पड़ रहा है.
भाजपा के धक्कामार राज में जनता के लिए बनी उप्र की आपातकालीन सेवाएं स्वयं ही संकट में हैं… अब ये स्वयं जनता के सहारे हैं।
ये कैसा विरोधाभास है। pic.twitter.com/Bk774YKhbG
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 17, 2022
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने आगरा मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए राज्य में ‘दयनीय स्वास्थ्य सेवाओं’ की ओर इशारा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को ‘स्ट्रेचर’ और ‘व्हीलचेयर’ तक नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार थी तब स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया था. अखिलेश ने कहा कि मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा और गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को घर से अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस सेवा 102 शुरू की गई थी. यह अब पूरी तरह से फेल साबित हो रही है. लोग इलाके के लिए भटक रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Akhilesh Yadav Attack on BJP, Ambulance Service, Bjp government, CM Yogi, Emergency ambulance, Samajwadi Party समाजवादी पार्टी, UP news, Yogi government