बिहार चुनाव में महागठबंधन की जीत पर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में जश्न मनाया गया.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी. जीत पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि जनता को छलने वाली भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसक रही है.
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम का असर पूरे देश में देखने को मिलेगा और आने वाले समय में सेकुलर ताकतें और मजबूत होकर उभरेंगी.
जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में भी इस जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और कार्यकर्ता दोगुने उत्साह से मिशन दो हजार सत्रह की तैयारी में जुटेंगे. वहीं सीएम के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र अग्रवाल ने कहा है कि बिहार के चुनाव परिणाम से घृणा और अहंकार की राजनीति करने वाले भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश के नेताओं को सब मिल गया होगा. सुरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि अगर कहीं कमी रह गई है तो दो हजार सत्रह में प्रदेश की जनता भाजपा नेताओं को सबक सिखा देगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
FIRST PUBLISHED : November 09, 2015, 07:49 IST