धनबाद (संजय गुप्ता). न्यूज़ 18 की खबर का फिर उल्लेखनीय असर दिखा, जब झारखंड सरकार के मंत्री ने एक उपेक्षित युवा खिलाड़ी के घर पहुंचकर न केवल चेक सौंपा बल्कि हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया. इससे पहले न्यूज़18 ने इस खबर का बड़ा कवरेज किया था कि कैसे एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी गरीबी और उपेक्षा के चलते मज़दूरी करने पर मजबूर थी. इसके बाद खिलाड़ी संगीता कुमारी को सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के कई हिस्सों से मदद मिलना शुरू हुई. यही नहीं, खुद संगीता ने पहले भी न्यूज़18 का आभार जताया था.
खेल मंत्री ने कहा कि संगीता के सभी सर्टिफिकेट की जांच करवाए जाने के बाद सरकार की मंशा साफ है कि सभी उपेक्षित खिलाड़ियों को सरकार मदद करेगी. वहीं, संगीता ने फिर यही मांग दोहराई कि सरकार स्थायी सहयोग दे, इससे वह सन्तुष्ट नहीं है. मीडिया में खबर आने के बाद सभी लोगो का सहयोग मिल रहा है. इससे खेल के प्रति मनोबल बढ़ा है.
न्यूज़ 18 ने वह खबर प्रमुखता से जारी की थी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी ईंट भट्टे में काम करते हुए किसी तरह अपनी जिंदगी गुजारती दिखी थी. खबर के बाद झारखंड सरकार ने हरकत में आते हुए एक लाख का चेक प्रदान किया था. वहीं, बाघमारा विधायक द्वारा आर्थिक मदद, आउटसोर्सिंग कम्पनी में नियोजन का आश्वासन दिया था. इसी तरह की एक मदद कांग्रेस नेता ने भी दी थी.
कांग्रेस नेता रणविजय सिंह खिलाड़ी के घर कुछ ही दिन पहले भी पहुंचे थे, जब उन्होंने 51 हजार के चेक के साथ खेल मंत्री को जानकारी देने का आश्वासन दिया था. कांग्रेस नेता ने हर सम्भव मदद करने की बात कही थी. सिंह ने बताया कि गुरुवार को वह खेल मंत्री को लेकर संगीता के घर पहुंचे. टुंडी विधायक मथुरा महतो भी खिलाड़ी के आवास पहुंचे. सभी ने खिलाड़ी को सम्मानित करते हुए भरपूर मदद का आश्वासन दिया.