बिहार में दिनदहाड़े पत्रकार की हत्या, बाइक सवार शूटर्स ने मारी पांच गोलियां
Last Updated:
Journalist Murder In Bihar: बिहार में हत्या की ये घटना जमुई जिले के सिमुलतल्ला इलाके की है. अपराधियों ने एक दैनिक समाचार पत्र के रिपोर्टर को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया.

जमुई. बिहार के जमुई में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक दैनिक अखबार के पत्रकार को गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने पत्रकार को सीने और सिर में पांच गोलियां मारी हैं. घटना जिले सिमुलतल्ला थाना इलाके की है. बाइक सवार अपराधियों ने पत्रकार को घर से एक किलोमीटर की दूरी गोपालामारण गांव के पास गोली मारी. मृतक पत्रकार का नाम गोकुल यादव है जो सिमुलतला इलाके के लीलावरण गांव का रहने वाला था.
जमुई जिले के सिमुलतला प्रखंड से एक दैनिक अखबार के लिए काम करने वाले 35 वर्षीय गोकुल यादव को बाइक सवार अपराधियों ने तब निशाना बनाया जब वह अपने घर से नाश्ता कर दिन के लगभग 11 बजे फसल में डालने के लिए दवा लाने सिमुलतला जा रहा था. इसी दौरान घर से 1 किलोमीटर की दूरी पर दो बाइक पर सवार पांच की संख्या में पहले से घात लगाए अपराधियो ने ताबड़तोड़ गोली चलानी शुरू कर दी. गोकुल यादव के शरीर मे पांच गोलियां मारी गईं. गोली लगने से पत्रकार की मौके पर ही मौत हो गई.
इस घटना के बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर आये जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. इस हत्या के पीछे पंचायत चुनाव को लेकर रंजिश ही कारण बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार गोकुल यादव की पत्नी इस बार पंचायत चुनाव में खुरंडा पंचायत से मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ी थी, लेकिन जीत नहीं सकी थी. बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव लड़ने को लेकर गांव ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर बीते कुछ दिन पहले इन लोगों ने पत्रकार गोकुल यादव के साथ मारपीट भी की थी.
इस कारण दोनों पक्षों की तरफ से सिमुलतला थाना में केस भी दर्ज कराया गया था. मृतक के पिता नागेंद्र यादव और मामा श्यामदेव यादव ने बताया कि पंचायत चुनाव के कारण कि इस हत्या को अंजाम दिया गया है. जिन लोगों ने पूर्व में इसके साथ मारपीट की थी उन्हीं लोगों ने इसकी हत्या की है. इस मामले में सिमुलतला थानाध्यक्ष विद्यानंद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी जहां से खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. परिजनों के दिए गए आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
Amrendra Kumarसंवाददाता
2010 से पत्रकारिता की शुरूआत करते हुए राष्ट्रीय सहारा अखबार में करीब पांच साल तक बतौर रिपोर्टर काम करने का अवसर मिला. इस दौरान भोजपुर जिले के लिए सैकड़ों रिपोर्ट अखबार में छपे. आरा में हुए रणवीर सेना के सुप्रीम...और पढ़ें
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। बिहार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें |
और पढ़ें