Patna Traffic Plan : पटना में दुर्गापूजा-दशहरा पर स्पेशल ट्रैफिक प्लान, 28 रूट पर 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक फॉलो करें
Written by:
Agency:News18 Bihar
Last Updated:
Patna Traffic Plan : पटना यातायात पुलिस ने त्योहारों में श्रद्धालुओं की भीड़ और शहर में होने वाले संभावित जाम को देखते हुए 29 सितंबर दोपहर तीन बजे से 2 अक्टूबर रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने का फैसला लिया है. इस दौरान पटना में 28 मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ से बचें. पूरा रूट प्लान यहां जानिये.

पटना. दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान पटना में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना लागू की है. 29 सितंबर दोपहर तीन बजे से 2 अक्टूबर रात 10 बजे तक राजधानी में 28 मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. नगर निगम क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों को 3 अक्टूबर तक छूट नहीं होगी. गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन बनाए गए हैं और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं. इन दिनों बस, ट्रक, ट्रैक्टर समेत भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. पटना पुलिस और प्रशासन ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की है. ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि यह कदम त्योहारों में अव्यवस्था रोकने के लिए उठाया गया है. इस दौरान केवल एम्बुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को छूट मिलेगी.
विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
पटना यातायात पुलिस ने दुर्गापूजा और दशहरा के अवसर पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करते हुए बताया है कि पटना नगर निगम क्षेत्र में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बस, ट्रक, ट्रैक्टर, टाटा-407 और अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. वहीं, मेट्रो और निर्माण कार्यों में लगे बड़े वाहनों पर 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक पाबंदी लागू की गई है. इसका उद्देश्य मुख्य मार्गों पर भीड़ को कम करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था देना है. ट्रैफिक एसपी ने कहा कि त्योहारों में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा होती है ऐसे में यदि सभी लोग सहयोग करेंगे तो किसी तरह की समस्या नहीं होगी.
वैकल्पिक मार्ग और बंद रास्ते
पटना में ट्रैफिक प्लान के तहत नेहरू पथ से राजाबाजार फ्लाईओवर, आशियाना मोड़, दीघा, राजीवनगर और हवाई अड्डा जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं. डाकबंगला से कोतवाली तक सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक छोटे वाहन दोनों ओर से चलेंगे, लेकिन गांधी चौक से गायघाट तक केवल वन-वे व्यवस्था लागू होगी.
किन सड़कों पर रहेगा प्रतिबंध
गांधी मैदान के आसपास जाम और अव्यवस्था रोकने के लिए गोविंद मित्रा रोड, सब्जीबाग रोड और नाला रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है. यहां केवल पैदल आवाजाही होगी. वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे ताकि कोई भीड़भाड़ या बाधा उत्पन्न न हो. ट्रैफिक एसपी ने अपील की है कि लोग इस दौरान यातायात नियमों का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचें.
नो पार्किंग और पार्किंग स्थल
Advertisement
पुलिस ने गांधी मैदान, एसपी वर्मा रोड, कोतवाली थाना, सिन्हा लाइब्रेरी मोड़ और पटना म्यूजियम के आसपास नो पार्किंग जोन घोषित किए हैं. वहीं फ्रेजर रोड, वीरचंद पटेल पथ, जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक तक, सिन्हा लाइब्रेरी से बीएसईबी तक की सड़क, साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है. पटना सिटी क्षेत्र में छोटी गाड़ियों की पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.
About the Author
Vijay jha
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट...और पढ़ें
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। बिहार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें |
और पढ़ें