Bihar News: पटना में 9 दिवसीय संत महोत्सव का शुभारंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर के आचार्य करा रहे रुद्राभिषेक
Last Updated:
Bihar News: पटना के मस्तीचक स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 9 दिवसीय संत महोत्सव शुरू हुआ. गायत्री महायज्ञ, नवग्रह पूजन, महामृत्युंजय जप आदि का आयोजन हो रहा है. 3 अगस्त को महाभंडारा होगा.

पटना. मस्तीचक स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 9 दिवसीय संत महोत्सव शनिवार को प्रारंभ हो गया. 300 वर्ष पुराने आध्यात्मिक केन्द्र गायत्री शक्तिपीठ के साथ ही नवग्रह सूर्य गायत्री मंदिर में भी सुबह सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ. इसके साथ ही गायत्री महायज्ञ, नवग्रह पूजन, महामृत्युंजय जप आदि का 9 दिवसीय अनुष्ठान प्रारंभ हुआ. गायत्री शक्तिपीठ, मस्तीचक के प्रबंध ट्रस्टी मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि यह आयोजन पूज्य पंडित रमेश चंद्र शुक्ला बाबा जी के महाप्रयाण के अवसर पर प्रतिवर्ष 26 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित किया जाता है. शुक्ला बाबा गायत्री परिवार के संस्थापक आचार्य श्रीराम शर्मा के परम शिष्य थे और उन्हें शिष्य शिरोमणि की उपाधि प्रदान की थी.
अपने गुरुदेव आचार्य श्रीराम शर्मा के आदेश पर ही पंडित रमेशचन्द्र शुक्ला ने सारण जिले के मस्तीचक गांव में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की नींव रखी थी. वर्तमान में यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा नेत्र अस्पताल बन गया है. गायत्री शक्तिपीठ, मस्तीचक के व्यवस्थापक विकाश शर्मा ने बताया रमेश चंद्र शुक्ला बाबा इस क्षेत्र के बहुत ही सिद्ध साधक थे. उन्होंने 2 अगस्त 2021 को 104 वर्ष की अवस्था में अपने शरीर का त्याग किया था. उनकी स्मृति दिवस के अवसर पर देश भर से संत- महात्माओं का आगमन हो रहा है.
3 अगस्त तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक
शनिवार 26 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक, गायत्री महायज्ञ, राम कथा, सुंदरकांड पाठ, दुर्गासप्तशी पाठ, विष्णु सहस्त्रनाम पाठ, महामृत्युंज मंत्र जप, नवग्रह शांति पाठ, भागवत पारायण पाठ, शिवपुराण पाठ सहित सभी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान होंगे. काशी विश्वनाथ मंदिर के आचार्य द्वारा रुद्राभिषेक कराया जा रहा है। प्रतिदिन संध्याकाल में भजन संध्या का आयोजन रखा गया है, जिसमें सुप्रसिद्ध लोकगायकों द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति होगी. 3 अगस्त को महाभंडारा का आयोजन रखा गया है.
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। बिहार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें |
और पढ़ें