Advertisement
होमताजा खबरदिल्ली-एनसीआर
चमार रेजीमेंट ने क्यों किया था ब्रिटिश आर्मी और अंग्रेजों से विद्रोह...!

चमार रेजीमेंट ने क्यों किया था ब्रिटिश आर्मी और अंग्रेजों से विद्रोह...!

Last Updated:

अंग्रेजों ने जब चमार रेजीमेंट के सैनिकों को आजाद हिंद फौज से लड़ने का आदेश दिया तो उन्होंने बगावत का रास्ता अपनाना बेहतर समझा...

चमार रेजीमेंट ने क्यों किया था ब्रिटिश आर्मी और अंग्रेजों से विद्रोह...!Zoom
चमार रेजीमेंट ने आजाद हिंद फौज के लिए अंग्रेजों से विद्राेह किया था!
सन 1949 में आज ही के दिन यानी 15 जनवरी को आखिरी ब्रिटिश कमांडर इन चीफ जनरल सर फ्रांसिस बूचर से फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने भारतीय थल सेना के कमांडर इन चीफ का प्रभार संभाला था. हमारी सेना हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर देती है. आईए जानते हैं कि आजादी से पहले अंग्रेजों के समय दलित लड़ाकों की भी एक रेजीमेंट थी, जिसने आजाद हिंद फौज के लिए अंग्रेजों से विद्रोह कर दिया था. ये थी चमार रेजीमेंट .

चमार रेजीमेंट और महार सैनिकों की भीमा-कोरेगांव की लड़ाई के बीच एक बड़ा फर्क यह है कि जहां महार अंग्रेजों की ओर से लड़ रहे थे, वहीं चमार रेजीमेंट ने आजाद हिंद फौज के लिए अंग्रेजों से विद्रोह कर दिया था. अंग्रेजों ने चमार रेजीमेंट के लड़ाकों का इस्तेमाल सबसे शक्तिशाली मानी जाने वाली जापानी सेना से लड़ने के लिए किया था. लेकिन जब उन्होंने इन सैनिकों को आईएनए से लड़ने का आदेश दिया तो उन्होंने बगावत का रास्ता अपनाना बेहतर समझा. (ये भी पढ़ें: 2019 के लिए दलित राजनीति के क्या हैं मायने?)

        चमार रेजीमेंट का प्रतीक (file photo)

दलित समाज के लोग इस रेजीमेंट की लंबे वक्त से बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज कहीं दबकर रह जाती है. दलितों की बहादुरी का जो नमूना महारों ने दो सौ साल पहले दिखाया था, उसे चमार रेजीमेंट में भी देखा जा सकता था. चमार रेजीमेंट पर रिसर्च कर रहे सतनाम सिंह के मुताबिक दूसरे विश्वयुद्ध के समय अंग्रेज सरकार ने यह रेजीमेंट बनाई थी, जो 1943 से 1946 यानी सिर्फ तीन साल ही अस्‍तित्‍व में रही. हालांकि, इसकी बहाली के लिए लड़ाई लड़ रहे दलित नेता शांत प्रकाश जाटव का कहना है कि यह रेजीमेंट काफी पहले से थी.

         चमार रेजीमेंट का इतिहास

‘चमार रेजीमेंट और उसके बहादुर सैनिकों के विद्रोह की कहानी उन्‍हीं की जुबानी’ नामक किताब के लेखक सतनाम सिंह बताते हैं कि "कोहिमा में चमार रेजीमेंट ने अंग्रेजों की ओर से 1944 में जापानियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. यह इतिहास की सबसे खूंखार लड़ाईयों में से एक थी."

"उस वक्त दुनिया की सबसे ताकतवर सेना जापान की मानी गई थी. जापान को हराने के लिए अंग्रेजों ने इसका इस्तेमाल किया. कोहिमा के मोर्चे पर इस रेजीमेंट ने सबसे बहादुरी से लड़ाई लड़ी. इसलिए इसे बैटल ऑफ कोहिमा अवार्ड से नवाजा गया था."

        सरकार को भेजा गया अनुसूचित जाति आयोग का नोटिस (file)

चमार रेजीमेंट थी तो उसे क्‍यों खत्‍म किया गया

चमार रेजीमेंट को बहाल करने की मांग करने वाले दलित नेता आरएस पूनिया बताते हैं कि "एक वक्त ऐसा आया जब अंग्रेजों ने चमार रेजीमेंट को प्रतिबंधित कर दिया था."

अंग्रेजों ने इसे आजाद हिंद फौज से मुकाबला करने के लिए सिंगापुर भेजा. रेजीमेंट का नेतृत्व कैप्टन मोहनलाल कुरील कर रहे थे. कैप्टन कुरील ने देखा कि अंग्रेज चमार रेजीमेंट के सैनिकों के हाथों अपने ही देशवासियों को मरवा रहे हैं. इसके बाद उन्‍होंने इसको आईएनए में शामिल कर अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध करने का निर्णय लिया. तब अंग्रेजों ने 1946 में इस पर प्रतिबंध लगा दिया.

        चमार रेजीमेंट फोरम में शांत प्रकाश जाटव

अंग्रेजों से युद्ध के दौरान चमार रेजीमेंट के सैकड़ों सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी. कुछ म्यांमार व थाईलैंड के जंगलों में भटक गए. जो पकड़े गए उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया. कैप्टन मोहनलाल कुरील को भी युद्धबंदी बना लिया गया. जिन्हें आजादी के बाद रिहा किया गया. वह 1952 में उन्नाव की सफीपुर विधान सभा से विधायक भी रहे. इस रेजीमेंट को बहाल करने की लड़ाई लड़ने वाले दलित नेता शांत प्रकाश जाटव के मुताबिक अब इसके मात्र एक सैनिक जिंदा हैं. ये हैं हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी चुन्‍नीलाल.

क्या बहाल हो पाएगी यह रेजीमेंट

शांत प्रकाश जाटव के मुताबिक, आजादी के बाद से ही चमार रेजीमेंट बहाल किए जाने की आवाज कई बार उठाई गई, लेकिन आवाज दबकर रह गई. दलित इस रेजीमेंट को बहाल करने के लिए कई राज्‍यों में प्रदर्शन कर चुके हैं. अब इसके लिए कानूनी लड़ाई लड़ी जा रही है. इसे लेकर पिछले दिनों राष्‍ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लिया था. आयोग के तत्कालीन सदस्य ईश्वर सिंह ने रक्षा सचिव को नोटिस जारी किया था. जिसमें पूछा गया था कि आखिर इस रेजीमेंट को किन कारणों से बंद किया गया.

ईश्‍वर सिंह के मुताबिक "दलित किसी भी विषम परिस्‍थिति में रह लेता है. उतनी कठिनाई में शायद ही कोई और जीवन व्‍यतीत करता हो, फिर भी इनकी रेजीमेंट सेना में बहाल क्‍यों नहीं की जा रही है."

         चमार रेजीमेंट के एकमात्र जीवित सिपाही!

उधर, जाटव ने अक्‍टूबर 2015 में केंद्र सरकार से इस रेजीमेंट की बहाली की मांग की थी. उनका दावा है कि इसी मांग पर नवंबर 2015 में तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने लिखा था कि ‘मामले की जांच करवा रहा हूं’. उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि पाठ्य पुस्तकों में चमारों की गौरवगाथा को शामिल किया जाए. उन्होंने बताया कि चमार रेजीमेंट फोरम बनाकर हम दलितों को बता रहे हैं कि उनका इतिहास कितना गौरवशाली रहा है. वे लड़ाके थे.

जाटव के मुताबिक, जाटव के मुताबिक 30 दिसंबर 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान निकोबार को अंग्रेजों से आजाद कराया था, इसमें चमार रेजीमेंट का भी सहयोग था.  उनका कहना है कि इसके जिन सैनिकों को बागी घोषित कर अंग्रेजों ने 1943 में जेलों में बंद कर यातनाएं दीं उन सभी को सैनिक बोर्डों द्ववारा सूचीबद्ध करके स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा दिया जाए.

रेजीमेंट पर लिखी गई है किताब

हवलदार सुलतान सिंह ने ‘चमार रेजीमेंट और अनुसूचित जातियों की सेना में भागीदारी’ शीर्षक से किताब लिखी. दूसरी किताब सतनाम सिंह ने ‘चमार रेजीमेंट और उसके बहादुर सैनिकों के विद्रोह की कहानी उन्‍हीं की जुबानी’ नाम से लिखी. इस समय सेना में मराठा लाइट इन्फेंट्री, राजपूताना राइफल्स, राजपूत रेजिमेंट, जाट रेजिमेंट, सिख रेजिमेंट, डोगरा रेजिमेंट, नागा रेजिमेंट, गोरखा रेजीमेंट हैं.

        चमार रेजीमेंट पर सतनाम सिंह ने किताब लिखी है

जेएनयू में रिसर्च

‘ब्रिटिश कालीन भारतीय सेना की संरचना में चमार रेजीमेंट एक ऐतिहासिक अध्‍ययन’ विषय पर जेएनयू के मॉडर्न हिस्‍ट्री डिपार्टमेंट में रिसर्च चल रहा है. रिसर्चर सतनाम सिंह का दावा है कि यह रेजीमेंट भी उतनी ही बड़ी थी जितनी और जातियों के नाम पर बनी रेजीमेंट.

ये भी पढ़ें: 1 जनवरी 1818 को भीमा-कोरेगांव में ऐसा क्या हुआ? दलित वहां हर साल क्यों जाना चाहते हैं?

OPINION: 'हनुमान' विवाद- ये है योगी आदित्यनाथ और गोरखनाथ मठ के दलित प्रेम की पूरी कहानी!
और पढ़ें