MP News Live 05 दिसंबर: जमीन मामले में पटवारी ने मांगी 50 हजार की रिश्वत, रंगे हाथों पकड़ा गया
MP News Live: मध्य प्रदेश के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें मिलेंगी.

खाद के लिए परेशान किसान, तहसीलदार की गाड़ी की निकाली हवा
टीकमगढ़ की खरगापुर तहसील में खाद के लिए किसान परेशान हैं. किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी का घेराव कर वाहन की हवा निकाली. खाद की किल्लत को लेकर किसानों ने जमकर नारेबाजी की. किसानों को यूरिया समय पर नहीं मिल रहा है. इससे गुस्साए किसानों ने तहसील कार्यालय के गेट पर ताला लगा दिया. खरगापुर तहसील कार्यालय के बाहर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया. काफी देर बाद मामला शांत हुआ.
7 दिसंबर को सीधी दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 7 दिसंबर को सीधी दौरे पर रहेंगे. सिहावल विधानसभा के बहरी में मुख्यमंत्री की जनसभा आयोजित है. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा. सीधी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक की. बैठक में कलेक्टर ने सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं. जनसभा तैयारी को लेकर प्रशासनिक बैठक पूरी हो गई. मुख्यमंत्री सीधी को करोड़ों की सौगात देंगे.
भोपाल में ममता शर्मसार
राजधानी भोपाल में ममता शर्मसार हो गई. रानी कमलापति आर्च ब्रिज के नीचे एक नवजात बच्ची का शव मिला. किसी ने तालाब के गहरे पानी में बच्ची का शव फेंक दिया. करीब दो दिन की नवजात बच्ची को छोटे तालाब में फेंका गया. पुलिस ने नवजात का शव पानी से निकलवाया. पुलिस बच्ची को पानी में फेंकने वालों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी खंगालने में जुटी.
शीतकालीन सत्र में हुआ सिर्फ हंगामा?
शीतकालीन सत्र में हुआ सिर्फ हंगामा?
देखिए, मध्यप्रदेश की महा’डिबेट’@Pooja_Sachdeva_
के साथ
न्यूज18 एमपी-छत्तीसगढ़ पर#MadhyaPradeshWithNews18 #MPKiMahaDebate pic.twitter.com/iPQwUk7MJF— News18 MadhyaPradesh (@News18MP) December 5, 2025
ट्रक और कार का एक्सीडेंट, पांच की मौत
छतरपुर में ट्रक और कार के बीच भीषण एक्सीडेंट हुआ है. दर्दनाक हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे में गंभीर दो युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कार चकनाचूर हुई. सड़क हादसा नेशनल हाईवे 86 पर हुआ. पुलिस मौके पर पहुंची. कार सतना जिले की बताई जा रही है. कार में टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक को मातगुवां थाना पुलिस ने पकड़ा. गुलगंज थाना इलाके की यह घटना है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे भिंड
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज भिंड पहुंचे. उन्होंने देहात भिंड में उनके अंगरक्षक स्वर्गीय जयद्रध सिंह कुशवाह के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और शोक संवेदना व्यक्त की. कृषि मंत्री कार से ग्वालियर से भिंड पहुंचे थे. भिंड में वह निजी कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं.
भोपाल में ठग गिरफ्तार, खुद को बताता था IB अफसर
भोपाल में मिसरोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. फर्जी IB अधिकारी पकड़ा गया. आरोपी का नाम अशफाक आलम है और वह बिहार के मुंगेर का रहने वाला है. वह फर्जी IB अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करता था. मेडिकल काउंसिल के अधिकारी की पोस्ट के लिए पीड़ित से 15 लाख रुपये की डिमांड की थी. भोपाल के रहने वाले फरियादी आशीष कुलश्रेष्ठ की शिकायत पर अशफाक की गिरफ्तारी हुई. आशीष ने आमोद पाठक, नवीन सिंह और अशफाक आलम के खिलाफ केस दर्ज कराया था. अशफाक ने राजेश कुमार नाम से IB अधिकारी का परिचय पत्र बनवाया था. आरोपी के मोबाइल में कई बड़े अधिकारियों के नंबर मिले. भोपाल पुलिस जांच के लिए आरोपी को दिल्ली लेकर जाएगी. वहीं मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की तलाश भी जारी है.
13 हजार 476 करोड़ का दूसरा अनुपूरक बजट पारित
मध्य प्रदेश में शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा में 13 हजार 476 करोड़ का दूसरा अनुपूरक बजट पारित किया गया, इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को विकसित मध्य प्रदेश बनाकर साकार करेंगे#CMMohanYadav pic.twitter.com/3cdDsMFBEE
— News18 MadhyaPradesh (@News18MP) December 5, 2025
विधानसभा में एमडी ड्रग्स की बिक्री की गूंज
विधानसभा में हरदा जिले में एमडी ड्रग्स की बिक्री की गूंज सुनाई दी. हरदा से कांग्रेस विधायक आरके दोगने ने ड्रग्स बिक्री का मामला उठाया. उन्होंने सदन में इससे जुड़ी जानकारी दी. विधायक ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बता दें कि कुछ दिनों पहले ही हरदा में एक करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स पकड़ी गई है.
हिरण का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
सागर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. हिरण के मांस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी हिरण का शिकार कर मांस को पकाकर खाने की तैयारी कर रहे थे. वन विभाग की टीम ने नाकाबंदी करके पकड़ा. आरोपियों के पास से एक राइफल, 15 जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे भी मिले हैं. दो फोर-व्हीलर वाहनों को भी जब्त किया गया है. आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
कोलारस में वन विभाग की कार्रवाई
#शिवपुरी – कोलारस में वन विभाग की कार्रवाई, सरसों की फसल पर चला बुलडोजर, रामराई गांव में वन विभाग की कार्रवाई, वन भूमि पर हो रही थी अवैध खेती, 250 बीघा पर चला बुलडोजर, फसल नष्ट#Shivpuri #BreakingNews pic.twitter.com/MbC0IHa4Za
— News18 MadhyaPradesh (@News18MP) December 5, 2025
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर को कोर्ट में पेश किया
नेपानगर के एक दवाखाने में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर इमरान को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुरहानपुर कोर्ट में पेश किया. इस दौरान रास्ते पर लोगों की नजरें टिकी रहीं. आरोपी को कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. घटना से हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है. आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. हिंदू संगठनों का कहना है कि ऐसे दरिंदे के लिए फांसी से कम की सजा मंजूर नहीं है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
भाजपा विधायक संजय पाठक पर 443 करोड़ की रिकवरी! खनिज विभाग का अंतिम नोटिस जारी
जबलपुर: जबलपुर खनिज विभाग ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री संजय पाठक को 443 करोड़ रुपये की रिकवरी का अंतिम नोटिस जारी किया है. आरोप है कि सिहोरा क्षेत्र की तीन लौह अयस्क खदानों से तय सीमा से अधिक खनन किया गया. 10 नवंबर को भेजे गए नोटिस के बाद पाठक ने गणना रिपोर्ट मांगी थी, जिसके जवाब में विभाग ने 450 से अधिक पन्नों की रिपोर्ट भेजी.
इंदौर में दुष्कर्म के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव! आरोपी हम्स शेख गिरफ्तार
Indore News: इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म कर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता अपने पति के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी हम्स शेख को दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
शिवपुरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! कोलारस में 250 बीघा सरसों की फसल पर चला जेसीबी
शिवपुरी के कोलारस में वन विभाग ने ग्राम रामराई में अवैध कब्जे वाली वन भूमि पर बोई गई 250 बीघा सरसों की फसल पर जेसीबी चला दी. कार्रवाई में 6 जेसीबी, कई ट्रैक्टर और लगभग 100 पुलिसकर्मी लगाए गए. वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई अभी भी जारी है.
बैतूल में किसानों का गुस्सा फूटा! पचधार डैम से पानी नहीं मिलने पर चकाजाम
बैतूल के पचधार डैम की नहरों से किसानों को पानी नहीं मिलने पर बिसनूर, पचधार और आसपास के गांवों के किसानों ने मुलताई-आठनेर मार्ग पर चकाजाम किया. डैम बनने के पांच साल बाद भी किसानों को लाभ नहीं मिला. पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत जारी है. किसान बड़े आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं.
जबलपुर में SC/ST/OBC सम्मेलन में हिंसा! आपत्तिजनक पुस्तक को लेकर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
जबलपुर के मानस भवन में SC/ST/OBC सम्मेलन के दौरान हिन्दू संगठनों ने आपत्तिजनक पुस्तक के बिक्री पर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान विवाद के दौरान शामिल दो हिन्दू कार्यकर्ताओं की पिटाई हुई. पुलिस ने सतना के नागौद और जबलपुर से कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कई अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
इंडिगो एयरलाइन ने आज भी कई महत्वपूर्ण रूट्स की फ्लाइट्स कैंसिल कर दी
MP LIVE: इंदौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए बुधवार का दिन फिर मुसीबत भरा रहा. इंडिगो एयरलाइन ने आज भी कई महत्वपूर्ण रूट्स की फ्लाइट्स कैंसिल कर दी, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा. मुंबई, दिल्ली और गोवा के लिए जाने वाली कुल चार इंडिगो फ्लाइट्स आज इंदौर से रवाना नहीं हो सकीं.
कैंसिल हुई फ्लाइट्स की सूची:
दिल्ली: 6E 6847
मुंबई: 6E 2053
मुंबई: 6E 6551
गोवा: 6E 6219
इन उड़ानों के कैंसल होने से यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाएँ बदलनी पड़ीं. कई यात्रियों ने एयरलाइन काउंटर पर रिफंड और री-शेड्यूलिंग को लेकर शिकायतें भी दर्ज कराईं. इसके अलावा, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए इंडिगो की उड़ानें भी लेट बताई जा रही हैं. देर से चल रही फ्लाइट्स के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और लंबा इंतजार करना पड़ा. फिलहाल एयरलाइन द्वारा देरी और कैंसिलेशन का आधिकारिक कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया है. यात्रियों का कहना है कि लगातार हो रही अनियमितताओं से उनकी यात्रा और समय दोनों प्रभावित हो रहे हैं.
बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने सदन में आरजीपीवी में हुए घोटाले का मुद्दा उठाया
बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने सदन में ध्यानाकर्षण के दौरान आरजीपीवी में हुए घोटाले का मुद्दा उठाया. 19 करोड़ से अधिक की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था, जिसमें सरकारी खाते से निजी खाते में करोड़ों रुपए ट्रांसफर किए गए थे. सबनानी ने पूछा कि दोषियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है. मंत्री ने जवाब दिया कि चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.
मनचले की परिजनों ने कर दी पिटाई, आरोपी हिरासत में
आगर मालवा के बड़ौद चौराहा पर एक मनचले की छेड़छाड़ से नाराज परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी. युवती ने भी आरोपी को चप्पल से पीटा. पुलिस को भीड़ को काबू करने में मुश्किल हुई. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और थाने में पूछताछ जारी है. पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है.