Advertisement
होमताजा खबरराजस्थानबांसवाड़ा
स्टांप पर शादी का इकरारनामा, 15 दिन 'जन्नत' रही दूल्हे की जिंदगी, फिर...

अजब गजब दुल्हन, स्टांप पर किया शादी का इकरारनामा, 15 दिन जन्नत रही दूल्हे की जिंदगी, फिर बना दी जहन्नुम

Last Updated:

Ajab Gjab Dulhan : मध्य प्रदेश के इंदौर की महज 19 साल की लड़की राजस्थान के बांसवाड़ा के सात लड़कों के साथ शादी करके फरार हो गई. इससे पहले वह दो शादियां और कर चुकी है. लेकिन 10वीं शादी करने से पहले वह महाराष्ट्र में पकड़ी गई. जानें कौन है यह शातिर दुल्हन.

ख़बरें फटाफट
स्टांप पर शादी का इकरारनामा, 15 दिन 'जन्नत' रही दूल्हे की जिंदगी, फिर...Zoom
दुल्हन सलोनी अब तक 9 शादियां कर चुकी बताई जा रही है.
आकाश सेठिया.

बांसवाड़ा. राजस्थान में एक और लुटेरी दुल्हन का कारनामा सामने आया है. इस बार चोट बांसवाड़ के एक युवक के साथ हुई है. मध्य प्रदेश के इंदौर की 20 साल की सलोनी सोलंकी ने बांसवाड़ा जिले के घाटोल कस्बे के भुवनेश जैन के साथ 500 रुपये के स्टांप पर 3 लाख 70 हजार रुपये लेकर शादी की. 15 दिन तक उसने भुवनेश की जिंदगी को जन्नत बनाकर रखा. लेकिन उसके बाद भुवनेश की जिंदगी को जहन्नुम बना दिया. हकीकत से सामना होते ही भुवनेश के पैरों तले से जमीन खिसक गई.
भुवनेश की दुल्हन अपने पिताजी के बीमार होने का बहाना कर उससे हजारों रुपये लेकर इंदौर चली गई. उसके बाद पिता की मौत की सूचना दी. फिर अन्य बहाने कर वापस ससुराल आने की बात को टालती रही. बाद में भुवनेश को उस पर शक हुआ. फिर उसने सलोनी के बारे में जांच पड़ताल की तो उसके होश फाख्ता हो गए. सलोनी ने खुद को कुंवारी बताकर भुवनेश के साथ शादी की थी. लेकिन वह उससे पहले भी वह दो शादियां कर चुकी थी.
Advertisement
करीब 4 लाख रुपये की जूलरी और अन्य सामान ले गई
इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि बांसवाड़ा से जाने के बाद एक माह में ही सलोनी ने 6 अन्य युवकों को भी जाल में फंसाकर उनसे शादियां कर ली. वह चार दिन पहले 1 अगस्त को महाराष्ट्र के बुलढाणा में 10वीं शादी करने से पहले पुलिस की पकड़ में आई. भुवनेश ने सलोनी से शादी करने से पहले उसके लिए महंगी साड़ियां, सोने और चांदी की चेन, सोने का पेंडल, मंगलसूत्र, चांदी की बिछिया, पायजेब, जूड़ा और नामी कंपनी का मोबाइल तथा ईयरबर्ड्स दिलाए थे. इन पर करीब 4 लाख रुपये का खर्च हुआ था. ये सभी सामान सलोनी अपने साथ ले गई.
20 मई को रिश्ता, 11 जून को शादी और 26 जून को भाग गई
भुवनेश जैन ने बताया कि इंदौर की दलाल सरिता जैन किसी रिश्तेदार के मार्फत करीब तीन माह पूर्व उसके संपर्क में आई थी. सरिता ने उसे रिश्तेदारी में सलोनी नाम की लड़की का फोटो दिखाकर उससे शादी कराने का झांसा दिया. बात तय होने पर 20 मई को सरिता सलोनी को अपने साथ लेकर घाटोल आई. सलोनी और उसके पिता का आधार कार्ड दिखाया. 11 जून को 500 रुपये के स्टांप पर शादी का इकरारनामा हुआ. शादी की सभी रस्में घाटोल में ही हुईं. विवाह के खर्च के लिए उधार के तौर पर दलाल सरिता ने भुवनेश से 3 लाख नकद और 70 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कराए.
50 हजार लेकर इंदौर गई और 20 हजार ट्रांसफर करवाए
विवाह के दिन दलाल सरिता ने उससे दुल्हन सलोनी के परिजनों को इंदौर से घाटोल लाने के लिए गाड़ी भाड़ा के 15 हजार रुपये लिए. शादी के 15 दिन बाद 26 जून को सलोनी ने पिता सुरेश सोलंकी के अचानक बीमार होने का बहाना कर इंदौर जाने के लिए 50 हजार रुपये लिए. इस पर वह सलोनी को लेकर इंदौर में दलाल सरिता के घर छोड़ने गया. सलोनी यहां से अपने पिता के घर चली गई और भुवनेश वापस बांसवाड़ा आ गया. पांचवें दिन सलोनी ने फोन कर पिता की मौत होना बताकर 20 हजार रुपये खाते में डलवाए. करीब 15-20 दिन तक फोन पर बात होती रही. भुवनेश जब सलोनी से बांसवाड़ा वापस आने की कहता तो आज-कल करके टालमटोल करने लगी. फिर उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया. शक होने पर पता किया तो उसके लुटेरी दुल्हन होने का पता चला.
महाराष्ट्र में शादी से पहले पकड़ी गई
भुवनेश ने बताया कि सलोनी की खोजबीन के दौरान उसे उसके महाराष्ट्र के बुलढाणा में किसी व्यक्ति से शादी करने की जानकारी मिली. इस पर उसने उस युवक से संपर्क करके सलोनी की हकीकत बताई. उसके बाद उस युवक ने सलोनी के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस को रिपोर्ट दी. इस पर पुलिस ने सलोनी को वहां गिरफ्तार कर पूछताछ की. तब तक वह छह शादियां और कर चुकी थी. यानी वह अब तक 9 शादियां कर चुकी है. लेकिन 10वीं शादी से पहले पकड़ी गई.

About the Author

Sandeep Rathore
संदीप ने 2000 में भास्कर सुमूह से पत्रकारिता की शुरुआत की. कोटा और भीलवाड़ा में राजस्थान पत्रिका के रेजीडेंट एडिटर भी रह चुके हैं. 2017 से News18 से जुड़े हैं.
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें |
और पढ़ें