सनकी आशिक की सनक, सह नहीं पाया एकतरफा प्यार की छटपटाहट, दिलो जान से चाहता था जिसे उसकी ही ले ली 'जान'
Edited by:
Agency:News18 Rajasthan
Last Updated:
Banswara Murder Case : बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा में एकतरफा प्यार में पागल सनकी आशिक ने एक महिला की दिनदहाड़े हत्या कर डाली. आरोपी पहले भी दो बार महिला पर हमला कर चुका था. दोनों बार महिला ने ही उसे जेल से छुड़वाया था.

आकाश सेठिया.
बांसवाड़ा. राजस्थान में एकतरफा प्रेम में हत्या का सनसनीखेज केस सामने आया है. आदिवासी बाहुल्य बांसवाड़ा जिले में एक सनकी प्रेमी ने एकतरफा प्रेम में महिला पर सरेराह तलवार से हमला उसे मौत के घाट उतार दिया. हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हमले में घायल हुई महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. महिला का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है. वहां आज उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है. आरोपी सवा महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया है.
बांसवाड़ा पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया हत्या की शिकार हुई महिला का नाम लीला तबीयार है. वह करीब 38 साल की थी. लीला सज्जनगढ़ ब्लॉक के सीनियर सैकेंडरी स्कूल में संस्कृत टीचर थी. वह मंगलवार को कलिंजरा बस स्टैंड पर बैठी थी. उसी दौरान उसे एकतरफा प्यार करने वाला महिपाल भगोरा कार से वहां आया. उसने आते ही तलवार निकालकर महिला पर हमला कर दिया. इससे वहां अफरातफरी मच गई. कोई महिला को बचाने नहीं आया. तलवार के हमले से लीला बुरी तरह से जख्मी हो गई.
Advertisement
पुलिस ने आरोपी की कार को किया जब्त
हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. बाद में लीला को जिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. वहां डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया गया. हत्या की वारदात की सूचना मिलते ही बागीदौरा पुलिस उपाधीक्षक संदीप सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर की जांच में जुटी है. आरोपी की कार पुलिस को मिल गई है. उसे जब्त कर लिया गया है.
सनकी प्रेमी दो बार पहले भी महिला पर हमला कर चुका था
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिपाल लीला से एकतरफा प्यार करता था. वह प्रेम प्रसंग को लेकर दो बार पहले भी लीला पर हमला कर चुका है. इन दोनों मामलों में वह दो बार में 9 और 3 महीने तक जेल भी रहकर आ चुका है. दोनों बार बाद में लीला ने ही उसे छुड़वाया था. महिपाल करीब सवा महीने पहले ही जेल से छूटा था. जेल से बाहर आते ही उसने फिर से लीला पर हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
महिला कोटे से ही सरकारी टीचर लगी हुई थी
लीला तलाकशुदा बताई जा रही है. वह तलाकशुदा महिला कोटे से ही सरकारी टीचर लगी हुई थी. पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए आठ टीमों का गठन किया है. पुलिस की टीमों ने मंगलवार देर रात उसकी जंगलों में भी खोजबीन की थी. लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है. लीला के परिजनों का कहना है कि पहले आरोपी को गिरफ्तार किया जाए. उसके बाद वे शव का पोस्टमार्टम करवाएंगे. फिलहाल पुलिस परिजनों से समझाइश में जुटी है.
About the Author
Sandeep Rathore
संदीप ने 2000 में भास्कर सुमूह से पत्रकारिता की शुरुआत की. कोटा और भीलवाड़ा में राजस्थान पत्रिका के रेजीडेंट एडिटर भी रह चुके हैं. 2017 से News18 से जुड़े हैं.
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें |
और पढ़ें