CSK vs DC Match Report: कॉनवे के कमाल...मोईन के धमाल से धोनी के धुरंधरों ने दिल्ली को 91 रन से हराया
Written by:
Agency:News18Hindi
Last Updated:
CSK vs DC Match Report: चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर डेवोन कॉनवे की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए. सीएसके की ओर से ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने 41 जबकि शिवम दुबे ने 19 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 8 गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद लौटे. दिल्ली की ओर से पेसर एनरिक नॉर्खिया ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए.

नवी मुंबई. सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (Devon Conway) की 87 रन की पारी के बाद मोईन अली (Moeen Ali) की शानदार गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल (IPL) के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 91 रन से हरा दिया. मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में सीएसके की ओर से रखे गए 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 17.4 ओवर में 117 रन ही बना सकी. उसकी ओर से मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 25 रन की पारी खेली. सीएसके की ग्यारह मैचों में यह चौथी जीत है. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई के 11 मैचों में 8 अंक हो गए हैं. दूसरी ओर दिल्ली की ग्यारह मैचों में छठी हार है.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. डीसी ने 81 रन के कुल स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. ओपनर श्रीकर भरत को सिमरजीत सिंह ने मोईन अली के हाथों कैच कराकर दिल्ली को बड़ा झटका दिया. भरत 5 गेंदों पर आठ रन बना सके. इसके बाद विस्फोटक ओपनर डेविड वार्नर भी 19 रन बनाकर आउट हो गए. वार्नर को महीश तीक्षण ने एलबीडब्ल्यू आउट किया.
यह भी पढ़ें:‘विकेट लेने वाला गेंदबाज हूं, टीम भी यही सोचती है…’ RCB को जीत दिलाने के बाद वानिंदु हसरंगा ने भरी हुंकार
Advertisement
मिचेल मार्श 72 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे. मार्श को मोईन ने ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराकर अपना पहला शिकार किया. मार्श 20 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान ऋषभ पंत शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके. उन्हें मोईन ने बोल्ड कर दिल्ली को चौथा झटका दिया.
पंत 11 गेंदों पर 21 रन बनाए. रिपल पटेल को मोईन ने अपना तीसरा शिकार बनाया. रिपल 3 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए. अक्षर पटेल को मुकेश चौधरी ने एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया वहीं रोवमैन पॉवेल को मुकेशने धोनी के हाथों कैच कराकर दिल्ली को सातवां झटका दिया. रोवमैन 9 गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए. कुलदीप यादव आठवें विकेट के रूप में आउट हुए. उन्हें सिमरनजीत ने उथप्पा के हाथों कैच कराया. चेन्नई की ओर से मोईन अली ने 3 जबकि मुकेश चौधरी, सिमरजीत सिंह और ड्वेन ब्रावो ने 2-2 विकेट चटकाए.
कॉनवे के 87 रन के दम पर सीएसके ने 6 विकेट पर 208 रन बनाए
डेवोन कॉनवे के तेजतर्रार अर्धशतक और साथी सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपरकिंग्स ने 6 विकेट पर 208 रन बनाए. कॉनवे ने 49 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 87 रन की पारी खेली. उन्होंने गायकवाड़ (41) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन जबकि शिवम दुबे (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आठ गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे.
दिल्ली ओर से नॉर्खिया ने 3 विकेट चटकाए
दिल्ली की ओर से एनरिक नॉर्खिया सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 42 रन देकर तीन विकेट चटकाए. खलील अहमद ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए. दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद गायकवाड़ और कॉनवे ने सुपरकिंग्स को तूफानी शुरुआत दिलाई. कॉनवे ने शार्दुल ठाकुर पर चौके के साथ खाता खोला. उन्होंने नॉर्खिया पर भी चौका मारा जबकि गायकवाड़ ने इस तेज गेंदबाज पर पारी का पहला छक्का जड़ा.
कॉनवे अक्षर पटेल का स्वागत दो छक्कों से किया
कॉनवे ने अक्षर पटेल का स्वागत दो छक्कों के साथ किया जबकि गायकवाड़ ने शार्दुल पर दो चौकों के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 57 रन तक पहुंचाया. इस जोड़ी की यह लगातार तीसरी अर्धशतकीय साझेदारी रही. कॉनवे ने कुलदीप यादव को निशाना बनाया. उन्होंने इस स्पिनर के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा और फिर उनके अगले ओवर में भी लगातार तीन चौके जड़कर 10वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. उन्होंने इस बीच अक्षर की गेंद पर एक रन के साथ 27 गेंद में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया.
गायकवाड़ ने अगले ओवर में नॉर्खिया पर दो चौके मारे लेकिन इसी ओवर में गेंद को हवा में लहराकर मिडविकेट पर अक्षर को आसान कैच दे बैठे. उन्होंने 33 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. शार्दुल की गेंद पर अक्षर ने शिवम दुबे का कैच छोड़ा जिसके बाद उन्होंने इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो छक्के और एक चौका जड़ दिया.
मोईन अली ने चौका जड़कर सीएसके का स्कोर 200 के पार पहुंचाया
कॉनवे हालांकि अगले ओवर में खलील अहमद की गेंद पर विकेटपर पंत को कैच दे बैठे. मिचेल मार्श ने अगले ओवर में दुबे को भी डेविड वार्नर के हाथों कैच करा दिया. उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के जड़े. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आते ही मार्श की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा. खलील ने अगले ओवर में अंबाती रायुडू (05) को बाउंड्री पर अक्षर के हाथों कैच कराया लेकिन धोनी ने उनकी अंतिम गेंद पर छक्का जड़ दिया. अंतिम ओवर में मोईन अली (09) ने पहली गेंद पर नॉर्खिया पर चौका जड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन अगली गेंद पर वार्नर को कैच दे बैठे. अगली गेंद पर रोबिन उथप्पा भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए.
और पढ़ें