कभी टेंट में रात गुजारने को हुआ मजबूर...युवा ओपनर गेंदबाजों का निकाल रहा दम, यशस्वी जायसवाल के 5 बड़े रिकॉर्ड
Written by:
Agency:News18.com
Last Updated:
Yashasvi Jaiswal 5 Cricket records: यशस्वी जायसवाल के लिए क्रिकेटर बनना आसान नहीं रहा. क्रिकेट सीखने के प्रति जूनुन इस कदर उनके सिर पर सवार था कि उन्होंने कई रातें टेंट के अंदर गुजारी है. कभी कभी उस टेंट से बरसात का पानी भी टपकता था, फिर इस नौजवान ने क्रिकेट खेलना नहीं छोड़ा. बाएं हाथ का यह खिलाड़ी आज भारतीय टीम का अहम सदस्य है. जायसवाल कई इंटरव्यू में यह बता चुके हैं कि उन्होंने मुंबई में आजाद मैदान पर टेंट में कई रातें बिताई हैं. उन्होंने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं.
यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) रविवार (28 दिसंबर) को 24 साल हो गए. उनका जन्म साल 2001 उत्तरप्रदेश के भदोही में हुआ था. उन्होंने क्रिकेट का ककहरा मुंबई में सीखा. वह 12 साल की उम्र में ही मुंबई अपने चाचा के साथ चले गए थे. मुंबई में उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा.उन्हें पानीपुरी तक बेचना पड़ा. कमजोर आर्थिक हालातों का सामना करते हुए उन्होंने पहले मुंबई और फिर भारत के लिए खेलने के लिए कड़ा संघर्ष किया.
जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले भारतीय ओपनर हैं.उन्होंने अपने दो हजार टेस्ट रन 40वीं पारी में पूरे किए थे. यशस्वी ने इस दौरान दिग्गज ओपनर सुनील गावस्कर और गौतम गंभीर को पीछे छोड़ा. जायसवाल ने वीरेंद्र सहवाग की बराबरी की जिन्होंने चालीस पारियों में अपने दो हजार टेस्ट रन बनाए थे.
Advertisement
बाएं हाथ के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. जायसवाल ने 13 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था जो इस लीग में किसी बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक है. जायसवाल ने यह कीर्तिमान कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ साल 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए बनाया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
Preferred Source on Google
24 साल के यशस्वी जायसवाल ने हाल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करियर का पहला वनडे शतक जड़ा था. उन्होंने 23 साल 343 दिन की उम्र में यह कारनामा किया. यशस्वी तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के पांचवें खिलाड़ी हैं.
जायसवाल ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 12 छक्के जड़े थे. राजकोट में खेले गए उस मुकाबले में जायसवाल के बल्ले ने छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज कप्तान वसीम अकरम के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी.
Advertisement
यशस्वी जायसवाल विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ चुके हैं. उन्होंने सबसे कम में लिस्ट ए क्रिकेट में डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड कायम किया था. जायसवाल ने जब डबल सेंचुरी जड़ी, उस समय उनकी उम्र 17 साल 292 दिन थी. लिस्ट ए में दोहरा शतक जड़ने वाले यशस्वी विश्व के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था.
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद 14 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला. उसी साल टी20 और फिर 2025 में उन्होंने वनडे टीम में डेब्यू किया. पिछले दो साल में जायसवाल ने खुद को तीनों ही फॉर्मेट में एक विस्फोटक और भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज के रूप में साबित किया है. जायसवाल को बीसीसीआई ने बी ग्रेड में रखा है. उन्हें बीसीसीआई से सालाना 3 करोड़ रुपये सैलरी मिलती है.
क्रिकेट में फॉर्म के साथ-साथ किस्मत का होना भी जरूरी होता है. जायसवाल के पास फॉर्म तो है, लेकिन किस्मत शायद उनपर उतनी मेहरबान नहीं है जितनी होनी चाहिए. एक ऐसा सलामी बल्लेबाज जो टी20 में अपनी क्षमता साबित कर चुका हो उसे टी20 विश्व कप 2024 की टीम में चुना तो गया, लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. वहीं टी20 विश्व कप 2026 की टीम में ही वह नहीं हैं.
Advertisement
वनडे फॉर्मेट में भी दक्षिण अफ्रीका सीरीज के खिलाफ उन्हें गिल की इंजरी की वजह से मौका मिला था और उन्होंने आखिरी वनडे में शतक भी लगाया था. देखना होगा कि गिल की वापसी की स्थिति में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में मौका मिलता है या नहीं. टेस्ट फॉर्मेट में जायसवाल को डेब्यू के बाद लगातार मौके मिले हैं और क्रिकेट के इस पारंपरिक फॉर्मेट में उन्होंने भारत के साथ-साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर भी रन बनाए हैं. आईपीएल में भी उनका जमकर चलता है. वह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं.