मैं पल दो पल का शायर हूँ...शिक्षक की विदाई पर भावुक हुई छात्राएं, सोशल मीडिया पर छाया ये अनोखा पल
राजस्थान के बांसवाड़ा ज़िले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबरीमाल में कार्यरत रहे शिक्षक अभिषेक यादव का विदाई समारोह बीते शनिवार को एक भावुक याद बन गया. डेढ़ साल तक इस विद्यालय में सेवा देने के बाद अभिषेक यादव का 1 जुलाई को तबादला महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गनोड़ा में हुआ था. इस दौरान उनके कार्यों, विद्यार्थियों से आत्मीय जुड़ाव और समर्पण की गूंज इतनी प्रभावशाली रही कि उनके सम्मान में 19 जुलाई को विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया. मूलतः गढ़ी तहसील के आसन गांव के रहने वाले अभिषेक यादव ने डाबरीमाल में अपने अल्प कार्यकाल में बच्चों के साथ गहरा जुड़ाव बना लिया था. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया. यही कारण था कि छात्रों और सहकर्मी शिक्षकों के मन में उनके प्रति गहरी भावनाएं विकसित हुईं. मैं पल दो पल का शायर हूँ ने छू लिया दिल विदाई समारोह में अभिषेक यादव ने मंच से मशहूर फिल्म कभी-कभी का गीत मैं पल दो पल का शायर हूँ गाया, जिसे सुनकर पूरा माहौल भावुक हो गया. छात्रों के चेहरों पर उदासी और आंखों में आंसू इस जुड़ाव को बयां कर रहे थे. यह प्रस्तुति सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि उन रिश्तों का प्रतीक बन गई जो उन्होंने इस विद्यालय में बनाए थे. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो इस भावुक पल का वीडियो उनके सहकर्मी प्रभुलाल ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया. लाखों लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और शिक्षक-अभिषेक की संवेदनशीलता और बच्चों के साथ उनके रिश्ते की सराहना कर रहे हैं. अब जबकि अभिषेक यादव ने अपने नए विद्यालय में कार्यभार संभाल लिया है, डाबरीमाल के छात्रों और शिक्षकों के लिए वे सिर्फ एक शिक्षक नहीं, बल्कि एक प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक के रूप में याद किए जा रहे हैं. यह विदाई एक उदाहरण है कि एक सच्चा शिक्षक सिर्फ किताबें नहीं पढ़ाता, दिलों को भी छू जाता है.
