रूस-यूक्रेन के बीच शांति से पीछे हटे ट्रंप! पुतिन-जेलेंस्की से कहा- खुद निपटाओ, क्या रुकेगी जंग?
Edited by:
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
US News Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह चाहते हैं कि पहले रूस और यूक्रेन खुद ही आपस में बात करें. वह दोनों लीडर को पहले उनकी मध्यस्थता से नहीं मिलाना चाहते. हालांकि इसे उनके यूटर्न के तौर पर भी देखा जा रहा है.

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब यूक्रेन और रूस के बीच मध्यस्थता से पीछे हट रहे हैं. ऐसा नहीं है कि वह अब इसमें हिस्सा नहीं लेंगे, बल्कि उन्होंने युद्ध को खत्म करने के लिए एक अनोखा रास्ता सुझाया है. ट्रंप ने कहा है कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच तभी मुलाकात करवाएंगे, जब दोनों पहले आपस में मिल लेंगे. ट्रंप का कहना है, ‘मैं पहले देखना चाहता हूं कि इन दोनों की मुलाकात में क्या होता है.’ यह बात उन्होंने मंगलवार को मार्क लेविन के टॉक शो में कही.
ट्रंप ने पिछले साल चुनाव प्रचार के दौरान दावा किया था कि वह 24 घंटे में यूक्रेन युद्ध खत्म कर देंगे, लेकिन अब वह मान रहे हैं कि यह काम उतना आसान नहीं है. हाल ही में व्हाइट हाउस में जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय वार्ता की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही, लेकिन अभी तक इस मुलाकात के लिए कोई ठोस प्रगति नहीं दिखी है. वाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप और उनकी सुरक्षा टीम रूस और यूक्रेन के अधिकारियों से बातचीत कर रही है, लेकिन इसे सार्वजनिक रूप से और नहीं बताया जाएगा.
पुतिन से फोन पर की बात
यूरोपीय नेताओं से मुलाकात के बाद ट्रंप ने पुतिन के साथ 40 मिनट की फोन कॉल की, जिसमें दोनों नेताओं ने वरिष्ठ वार्ताकारों को नियुक्त करने पर सहमति जताई. लेकिन रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने साफ कर दिया कि रूस यूक्रेन में किसी भी विदेशी सैनिक की तैनाती को स्वीकार नहीं करेगा. दूसरी ओर, जेलेंस्की ने यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी की मांग की है, जिसमें अमेरिका से खुफिया जानकारी और हवाई समर्थन शामिल हो सकता है. ट्रंप ने यह भी साफ किया कि वह यूक्रेन में अमेरिकी सैनिक नहीं भेजेंगे. इसके बजाय, जेलेंस्की ने 90 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियार खरीदने और यूक्रेन से ड्रोन खरीदने का प्रस्ताव रखा है.
एक महीने में रूस का सबसे बड़ा हमला
यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को रूस ने 574 ड्रोन और 40 मिसाइलों से हमला किया. यह पिछले एक महीने में सबसे बड़ा हमला है. यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को रूस ने यूक्रेन पर 574 ड्रोन और 40 मिसाइलों से हमला किया, जो पिछले एक महीने में सबसे बड़ा हमला है.
About the Author
Yogendra Mishra
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने...और पढ़ें
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। बजट 2026 की लाइव खबर यहां पढ़ें |
और पढ़ें