VIDEO: जेल के अंदर होती है चिकेन/मटन पार्टी, स्मार्ट फोन से बात और चैटिंग करते हैं कैदी
जेल के अंदर बंद कैदी प्रशासनिक सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे हैं और पंगत में बैठकर पार्टी मना रहे हैं.
बिहार में जेलों की स्थिति और अंदर की व्यवस्था किसी से छिपी नहीं है शायद यही कारण है कि कई अपराधी जेल को ही अपना ऐशगाह और आरामगाह दोनों मानते हैं. जेल के अंदर उन्हीं का हुक्म चलता है तो उन्हीं की तूती बोलती है. इस कड़ी में नया मामला भोजपुर से आया है जहां जेल के अंदर से आए तीन वीडियो ने पुरी तस्वीर साफ कर दी है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में जेल के अंदर कैदी खुलेआम फोन पर बातचीत और पार्टी मनाते हुए दिख रहे हैंय ये वायरल वीडियो आरा मंडलकारा का बताया जा रहा है. इस वीडियो की सत्यापन न्यूज 18 नहीं कर रहा है लेकिन इस वीडियो ने प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है. वायरल वीडियो कब का है इसकी भी जानकारी नहीं हो सकी है.
जेल के अंदर बंद कैदी प्रशासनिक सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे हैं और पंगत में बैठकर पार्टी मना रहे हैं. कुछ लोग इस वीडियो में खाना बनाते भी दिख रहे हैं. आपको बता दें कि आरा मंडलकारा की ये कोई पहली तस्वीर और वीडियो नहीं है जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है. इसके पहले भी कई बार वायरल वीडियो में जेल के अंदर कैदियों को फोन पर बातचीत करते और गांजा पीते हुए देखा गया है.
बहरहाल इस मामले में भोजपुर पुलिस कप्तान आदित्य कुमार से जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और अगर ये सत्य पाया जाता है तो दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने बताया कि इसकी सूचना जिलाधिकारी को भी दी जाएगी.
