Ground Report: वर्ल्ड क्लास बनने से पहले बेहाल हो रहे हैं यात्री, मुजफ्फरपुर जंक्शन में यात्रियों का बुरा हाल
Ground Report: एक तरफ रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े बड़े दावे करता है और दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर के जंक्शन जैसा हाल भी कई जगह देखने को मिलता है. स्टेशन पर यात्रियों के छाया का इंतजाम नहीं. पानी के लिए वाटर कूलर नहीं.
मुजफ्फरपुर: इस भयंकर गर्मी में जब लोगों का घरों के भीतर बुरा हाल है ऐसे में उन ट्रेन यात्रियों का क्या हाल होगा जिन्हें धूप में खड़े होकर घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर उम्र के लोग ट्रेन से सफर करते हैं. धूप में घंटों ट्रेन का इंतजार करते हुए लोग धूप से बुरी तरह झुलस जा रहा हैं. ये हाल है मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 का. इन दोनों प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए शेड का कोई इंतजाम नहीं है. इससे लोग अपने बच्चों और परिजनों के साथ धूप में ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर हैं.
अभी तक प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड नहीं लगाया गया है. इससे यात्रियों को भारी दिक्कत होती है. प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 से हर दिन मोतिहारी, नरकटियागंज और सीतामढ़ी जाने के लिए हजारों लोग सफर करते हैं. इसके बाद भी यात्री सुविधाओं का यह हाल है. एक तरफ तो रेलवे बड़े बड़े दावे करता है और दूसरी तरफ वह यात्री को छाया नहीं दे रहा है.
बता दें कि निर्माण कार्य के लिए प्लेटफाॅर्म करीब चार महीने अस्थायी रूप से बंद रहा. उसके बाद इसी वर्ष 17 और 29 जनवरी को दोनों प्लेटफॉर्म पर ट्रेनें आने लगीं. ऐसे में प्लेटफॉर्म चालू हुए करीब ढाई महीने हो चुके हैं लेकिन, शेड का इंतजाम अभी तक नहीं हो सका. मार्च के शुरुआती दस दिन मौसम ठीक रहने पर बहुत असर नहीं पड़ा, लेकिन उसके बाद धूप की तपिश बढ़ने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. अब मौसम में काफी उमस और तामपान अधिक हो गया है. इस कारण यात्रियों को काफी समस्या हो रही है. यात्री प्लेटफार्म पर लगे पोल के खंभों में छाया खोजते हैं. जिनकी ट्रेन दोपहर में रहती है उनको काफी दिक्कत होती है.
सीतामढ़ी जानेवाले यात्री बताते है कि जंक्शन पर पिछले 2 घंटा से बैठे हुए हैं. ट्रेन भी अभी लेट चल रही है और धूप काफी अधिक है. इस कारण उनका सिर दर्द करने लगा. कम से कम शेड रहता तो ज्यादा दिक्कत नहीं होती और धूप से भी बच जाते.
बता दें कि मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन को वर्ल्ड क्लास जंक्शन बनाने के लिए काम चल रहा है. ऐसे में जंक्शन पर एक साइड से तोड़ कर फिर नए सिरे से काम स्टार्ट हो रहा है इसलिए शेड हटाया गया था. हालांकि, अब मई में गर्मी अधिक होने के कारण यात्रियों को भी भारी परेशानी हो रही है. ऐसे में रेलवे को यात्रियों के लिए कुछ वैकल्पिक उपाय के बारे में सोचना चाहिए.
