न पहिए, न शोर, हवा में तैरती है यह ट्रेन! पलक झपकी और रेल गायब
Bullet Train- वायरल वीडियो में एक जापानी रिपोर्टर इस ट्रेन को कवर करने के लिए ट्रैक के पास खड़ा था. उसे पता था कि ट्रेन तेज होगी, लेकिन 'इतनी' तेज होगी, इसका उसे अंदाजा नहीं था. मैग्लेव ट्रेन गोली की स्पीड से उसके पास से गुजरी.
नई दिल्ली. जापान अपनी हाई स्पीड ट्रेनों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. एक समय तो जापान की बुलेट ट्रेनों का मुकाबला दुनिया में कोई नहीं कर सकता था. लेकिन, अब चीन हाई स्पीड ट्रेनों के मामले में कड़ी टक्कर दे रहा है. जापान ने भी अब अपनी ट्रेनों की गति बढाने के लिए कमर कस रहा है. अब जापान की नई मैग्लेव (Maglev) ट्रेन ने रफ्तार की दुनिया में ऐसा तूफान मचाया है कि देखने वाले अपनी आंखों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 500 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती यह ट्रेन किसी ‘अदृश्य शक्ति’ की तरह गुजरती दिख रही है.
जिस मैग्लेव ट्रेन का वीडियो वायरल हो रहा है, वह जापान की ‘चुओ शिंकानसेन’ (Chuo Shinkansen) परियोजना का हिस्सा है. इस परियोजना के जरिए टोक्यो और ओसाका को हाई स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इसी लाइन पर चलने वाली ट्रेन का परीक्षण किया गया, जिसने 500 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ी. इस प्रोजेक्ट की राह में कुछ रोड़े भी हैं. इसे 2027 में शुरू होना था, लेकिन निर्माण की चुनौतियों के कारण अब इसकी डेडलाइन 2034 तक खिसक गई है. साथ ही, इसका बजट भी बढ़कर करीब 40 अरब स्विस फ्रैंक तक पहुंच गया है.
रिपोर्टर के उड़ गए होश
वायरल वीडियो में एक जापानी रिपोर्टर इस ट्रेन को कवर करने के लिए ट्रैक के पास खड़ा था. उसे पता था कि ट्रेन तेज होगी, लेकिन ‘इतनी’ तेज होगी, इसका उसे अंदाजा नहीं था. ट्रेन आई और 310 मील प्रति घंटा (करीब 500 किमी/घंटा) की रफ्तार से उसके सामने से ऐसे गुजरी, जैसे कोई गोली निकली हो. रिपोर्टर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही ट्रेन ओझल हो गई. सन्नाटा छा गया और फिर रिपोर्टर की अविश्वास भरी हंसी फूट पड़ी. रिपोर्टर के साथ हुआ यही वाक्या अब इंटरनेट पर वायरल है.
न पहिए, न शोर, बस स्पीड
मैग्लेव ट्रेन ‘चुंबकीय शक्ति’ (Magnetic Levitation) पर चलती है. इसका मतलब है कि यह पटरियों पर दौड़ती नहीं, बल्कि उनसे थोड़ा ऊपर हवा में तैरती है. इसमें सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट (Superconducting Magnets) का इस्तेमाल होता है. चुम्बकीय शक्ति ट्रेन को पटरी से ऊपर उठाती है और उसे आगे धकेलती है. चूंकि ट्रेन और पटरी के बीच कोई संपर्क नहीं होता, इसलिए घर्षण (Friction) नहीं होता. इससे ट्रेन पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में बहुत तेज और शांत चलती है. यही वजह है कि जब यह गुजरती है, तो पारंपरिक ट्रेनों जैसी ‘खड़खड़’ या कंपन नहीं होता. यह बिल्कुल खामोशी से, एक जेट विमान की तरह सनसनाती हुई निकल जाती है.
‘सैलरी’ से हुई स्पीड की तुलना
इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर लोग इस वीडियो को देख हैरान भी हैं और मजे भी ले रहे हैं. यूजर्स ने कुछ बेहद मजेदार कमेंट्स किए हैं. एक यूजर ने लिखा, “यह ट्रेन तो बिल्कुल मेरी सैलरी जैसी है. अकाउंट में आती है और पलक झपकते ही गायब हो जाती है.” दूसरे यूजर ने चेतावनी दी, “अगर आपने गलती से पलक झपक ली, तो समझो शो खत्म!” एक ने चुटकी ली, “मुझे लगा वो नीचे चल रही कार से रेस लगा रही है, लेकिन यह तो रोशनी की रफ्तार से भी तेज है.