छत्तीसगढ़ः सीएम रमन सिंह का ऐलान- सभी शिक्षाकर्मियों को किया जाएगा परमानेंट
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी रविवार को अंबिकापुर में डॉक्टर रमन सिंह की विकास यात्रा में शामिल हुए थे. बता दें कि इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए चुनाव होने होने हैं.
चुनावी साल में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने शिक्षाकर्मियों के संविलियन को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है. अंबिकापुर में अपनी विकास यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में काम कर रहे सभी संविदा शिक्षकों को रेगुलराइज किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा, 'रेगुलर शिक्षकों और संविदा शिक्षकों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके काम की परिस्थियों में काफी अंतर है. आज मैं घोषणा करता हूं कि राज्य के सभी संविदा शिक्षकों को रेगुलर किया जाएगा.'
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी रविवार को अंबिकापुर में डॉक्टर रमन सिंह की विकास यात्रा में शामिल हुए थे. बता दें कि इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए चुनाव होने होने हैं. इस मौके पर शाह ने कहा कि इस बार बीजेपी राज्य क 90 में से 65 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी.
राज्य में पिछले 15 सालों से बीजेपी की सरकार है. अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में भी राज्य में रमन सिंह की सरकार कायम रहेगी.
एसटी बहुल अंबिकापुर जिले में बात करते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जब तक केंद्र में उनकी पार्टी की सरकार है तब तक एससी/एसटी एक्ट और नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था लागू रहेगी. शाह ने कहा, 'चुनावी मौसम जल्द शुरू होगा और कांग्रेस नरेंद्र मोदी सरकार के बारे में झूठ फैलाने के लिए इस अवसर का इस्तेमाल करेगी'
शाह ने कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी यह कह कर लोगों को गुमराह करेगी कि राजग सरकार अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) अधिनियम तथा समाज के वंचित तबकों के लिए नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण खत्म कर देगी.
(इनपुट भाषा से)
