यहां स्वास्थ्य मंत्री ने ही सार्वजनिक कर डाले पहले दो कोरोना संक्रमितों के नाम
इंडोनेशिया में पहली दो कोरोना वायरस (Coronavirus in Indonesia) मरीजों की पहचान फरवरी 2020 के आखिरी हफ्ते में हुई थी. इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री तेरवान अगुस पुतरांतो ने उन मां-बेटी के नाम ही नहीं घर का पता और अस्पताल की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी. इसके बाद लोगों ने उन्हें इंडोनेशिया में संक्रमण लाने का दोषी ठहरा दिया.
इंडोनेशिया में कोरोना वायरस (Coronavirus in Indonesia) से संक्रमितों की संख्या अब तक 13,112 हो गई है. इनमें से 943 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,494 लोग इलाज के बाद ठी हो चुके हैं. इंडोनेशिया में कोरोना पॉजिटिव जापानी महिला के संपर्क में आने वाली पहली दो संक्रमित महिलाओं की पहचान फरवरी के आखिरी हफ्ते में हुई थी. इसके बाद मीडिया के सामने आए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने बताया कि प्रशासन ने जापानी महिला के संपर्क में आई दोनों मां-बेटी को ढूंढ लिया है. जापानी महिला इंडोनेशिया से मलेशिया (Malaysia) पहुंचने के बाद हुए टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी. उन्होंने बताया कि उसके संपर्क में आईं इंडोनेशिया की ये 64 वर्षीय मां और 31 वर्षीय बेटी भी पॉजिटिव पाए गए हैं. अभी उनका इलाज चल रहा है.
नाम के अलावा घर का पता भी कर दिया गया सार्वजनिक
राष्ट्रपति के मीडिया को संबांधित करने के बाद जो हुआ वो चौंकाने वाला था. स्ट्रेट्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री तेरवान अगुस पुतरांतो ने इंडोनेशिया की इन पहली दोनों संक्रमितों के नाम ही नहीं बल्कि उनके घर का पता और भर्ती किए गए अस्पताल की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी. संक्रमित मां मारिया और बेटी सीता त्यासूतामी का नाम सामने आने के बाद लोग उन्हें इंडोनेशिया में कोरोना वायरस लाने का दोषी ठहराने लगे. संक्रमण की पुष्टि होने से पहले त्यासूतामी एक पेशेवर डांसर थीं. बाद में उनकी पहचान सिर्फ कोरोना वायरस केस-1 के तौर पर रह गई, जिसको लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे थे. ये उन मां-बेटी के लिए बहुत अपमानजनक था. उनके मेडिकल रिकॉर्ड भी लीक कर दिए गए थे. इनके आधार पर मीडिया ने भ्रामक रिपोर्टें दिखाईं और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर बहुत सारी अफवाहें चलने लगीं. कुछ ही घंटों में त्यासूतामी इंडोनेशिया में कोरोना वायरस का चेहरा बन गई थीं.
इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्री टीए पुतरांतो ने पहली दोनों संक्रमितों के नाम के साथ ही उनके घर का पता और भर्ती किए गए अस्पताल की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी.
मेडिकल रिपोर्ट लीक होने पर संक्रमित होने का पता चला
त्यासूतामी याद करती हैं कि ये सब गले में हल्की खराश के साथ शुरू हुआ था. उन्हें लगा कि ये सामान्य बात है. इसके बाद 17 फरवरी की सुबह उन्हें संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दिए. उनकी मां मारिया जकार्ता इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट्स में डांस प्रोफेसर हैं. वो भी उसी सप्ताह बीमार पड़ गईं. चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वह बताती हैं कि 23 फरवरी तक उनका स्वास्थ्य काफी खराब हो चुका था. इसके बाद दोनों ने स्थानीय अस्पताल में चेकअप करवाया. इस दौरान उन्होंने डॉक्टर से पूछा था कि क्या कोविड-19 का टेस्ट कराने की जरूरत है, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. त्यासूतामी के एक दोस्त ने 27 फरवरी को फोन करके याद दिलाया कि जिस डांस इवेंट में वो गई थीं, वहां एक जापानी महिला भी आई थीं, जिन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया है. इसके बाद जब उन्होंने डॉक्टर्स को ये बात बताई तो उन्हें तुरंत दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया. इसके बाद उन्हें 2 मार्च को तब संक्रमित होने का पता चला, जब उनकी मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक तौर पर पढी गई.
सीता त्यासूतामी कहती हैं कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा हमारा पूरा परिवार भुगत रहा है.
इंस्टाग्राम पर बढ़े फालोअर्स करते हैं भद्दे-भद्दे कमेंट्स
सरकार की इस लापरवाही का असर ये हुआ कि सोशल मीडिया पर अब तक त्यासूतामी को शैतान और चुड़ैल जैसे संबोधनों वाले मेसेज भेजे जाते रहे हैं. त्यासूतामी ने बताया कि बीमारी से पहले इंस्टाग्राम पर मेरे 2000 से कम फालोअर्स थे. कोई मुझे नफरत भरे संदेश नहीं भेजता था. संक्रमित होने की जानकारी सार्वजनिक होने के कुछ ही दिनों में फालोअर्स की संख्या बढ़कर 10,000 हो गई. ये लोग मेरी तस्वीरों पर भद्दे कमेंट कर रहे थे. बीबीसी की रिपोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वह बताती हैं कि मीडिया का उनके घर को घेरना और उसका सभी हदें पार करना मैंने अस्पताल में रहते हुए टीवी पर ही देखा. इसके बाद उनके परिवार के हर सदस्य को कोविड-19 का टेस्ट कराना पड़ा. इसके बाद उनकी बड़ी बहन अनिंद्याजती इंडोनेशिया की कोविड-19 केस-3 बनीं. उन्हें भी अपने परिवार के साथ उसी अस्पताल में रहना पड़ा. ये पूरा परिवार अब ठीक हो चुका है, लेकिन आज भी उन्हें लोग संक्रमण फैलाने का जिम्मेदार मानकर कमेंट्स करते हैं.
ये भी देखें:
दो महामारियों से बचाने वाले इस वैज्ञानिक का भारत में पहले हुआ विरोध, फिर लगाया गले
कोरोना की रोकथाम के लिए मनमाने नियम नहीं थोप सकतीं हाउसिंग सोसायटी
जानें कोरोना संकट के बीच क्यों घर लौटने के लिए मजबूर हैं प्रवासी मजदूर
जानें कौन हैं अपनी सुरक्षा का हवाला देकर इस्तीफा देने वाली आईएएस रानी नागर
