टीम इंडिया को बड़ा झटका, अक्षर पटेल सीरीज से हुए बाहर, जसप्रीत बुमराह को लेकर क्या अपडेट?
Axar Patel Ruled Out: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के बचे दो मैचों से बाहर हो गए हैं. अक्षर पटेल धर्मशाला में हुए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भी नहीं खेले थे. अक्षर पटेल की जगह 31 साल के शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया गया है.
नई दिल्ली. धर्मशाला में टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच जीतकर सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाई। अगला मुकाबला लखनऊ में खेला जाना है, जिससे पहले BCCI ने बुरी खबर सुनाई है. दरअसल, स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल सीरीज से बाहर हो गए हैं. अक्षर पटेल धर्मशाला में भी प्लेइंग-11 के चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. BCCI ने अपडेट में बताया कि तबीयत ठीक न होने की वजह से उन्हें बाहर होना पड़ा है.
BCCI ने क्या कहा?
BCCI की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाकी बचे दो IDFC फर्स्ट बैंक T20I मैचों से बाहर हो गए हैं. हालांकि, वह टीम के साथ लखनऊ में हैं, जहां उनका आगे मेडिकल चेकअप किया जाएगा. पुरुष चयन समिति ने लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले T20I मैचों के लिए शाहबाज अहमद को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है.’
अक्षर पटेल
शाहबाज अहमद को मिला मौका
अक्षर की जगह बंगाल के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को भारत की टीम में शामिल किया गया है. अक्षर की जगह आए शाहबाज ने भारत के लिए तीन वनडे और दो T20I खेले हैं, लेकिन ब्लू जर्सी में उन्होंने आखिरी मैच सितंबर 2023 में एशियन गेम्स के दौरान हांगझोऊ में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था. उन्होंने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए 20 ओवर के फॉर्मेट में अब तक दो बल्लेबाजों को आउट किया है, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला.
शुरुआती दो मैचों का हिस्सा थे अक्षर
अक्षर पटेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो T20I मैच खेले और तीन विकेट चटकाए. उन्होंने सीरीज के पहले मैच में 7 रन देकर 2 विकेट लिए और बल्ले से 23 रन भी बनाए. वहीं, 11 दिसंबर को मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे T20I में उन्होंने एक साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज को आउट किया और 214 रनों के चेज में नंबर 3 बल्लेबाज के तौर पर 21 रन बनाए. वह तीसरे टी20 का हिस्सा नहीं थे.
टीम से कब जुड़ेंगे जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह को लेकर क्या अपडेट?
BCCI ने जसप्रीत बुमराह को लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं दिया है. बुमराह धर्मशाला में टीम चयन के लिए उपलब्धि नहीं थे. निजी कारणों का हवाला देते हुए वह अपने घर मुंबई लौट गए थे. उनके टीम से जुड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है. बुमराह की गैरमौजूदगी में तीसरा टी20 हर्षित राणा ने खेला था, जिसमें उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की.
आखिरी दो T20I के लिए भारत की अपडेटेड टीम
सूर्यकुमार यादव (C), शुभमन गिल (VC), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (WK), संजू सैमसन (WK), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद.
