Twitter WFH : एलन मस्क ने अब कहा- घर पर रहकर काम कर सकते हैं कर्मचारी, यदि...
WFH in Twitter: एलन मस्क ने ट्विटर की वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) पॉलिसी को समाप्त किए जाने की खबरों को गलत करार दिया है. उन्होंने कहा है कि ट्विटर के लिए भी वही पॉलिसी है, जो टेस्ला और स्पेसएक्स के कर्मचारियों लिए है.
नई दिल्ली. ट्विटर की वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) पॉलिसी को समाप्त किए जाने की खबरों के बीच एलन मस्क ने खुद इस खबर को गलत बताया है. सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के नए बॉस मस्क ने रविवार को रिमोट वर्किंग पॉलिसी के बारे में स्पष्टीकरण दिया. उन्होंने कहा कि ट्विटर के लिए भी वही पॉलिसी है, जो टेस्ला और स्पेसएक्स के कर्मचारियों लिए है.
एक अन-वेरिफाइड अकाउंट से ट्वीट की गई एक रिपोर्ट का जवाब देते हुए एलन मस्क ने उसे गलत कराब दिया. उस ट्वीट में कहा गया था कि “अरबपति बिजनेसमैन ने 14 नवंबर तक अपने आयरलैंड के कर्मचारियों को डबलिन में वापस करने का आदेश दिया है. जबकि ऐसा कर पाना सभी कर्मचारियों के लिए संभव नहीं है.”
ये भी पढ़ें – एलन मस्क की बढ़ेगी मुश्किल! जानिए Twitter से क्यों भंग हुआ यूजर्स का मोह?
एलन मस्क ने इस ट्वीट के रिप्लाई में लिखा, “यह गलत है. जो कोई भी ऑफिस में आ सकता है, उसे आना चाहिए. हालांकि, यदि किसी कर्मचारी को कोई पर्सनल मसलों की वजह से संभव नहीं है या वे ऑफिस के लिए मूव नहीं कर सकते, तो घर पर रहना ठीक है.” मस्क ने कहा कि ट्विटर के कर्मचारी टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी पॉलिसी का ही पालन करेंगे. इसके बाद उन्होंने यह भी जोड़ा, “रिमोटली काम करना भी ठीक है, यदि उनके मैनेजर कहते हैं कि वे शानदार काम कर रहे हैं.”
पहले की रिपोर्ट्स में क्या था?
पिछले हफ्ते, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि एलन मस्क ने ट्विटर की वर्क फ्रॉम होम की नीति को खत्म कर दिया है और अपने कर्मचारियों को ऑफिस में वापस आने का आदेश दिया है. उनके बारे में बताया गया था कि उन्होंने ट्विटर के कर्मचारियों से कहा था कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर घर से काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मस्क ने यहां तक कहा था कि वे खुद पर्सनल मैटर की जांच करेंगे.
ये भी पढ़ें – ‘सुपर स्लो’ हुआ Twitter तो एलन मस्क ने मांगी माफी, कर दी नए फीचर की घोषणा
यूके स्थित न्यूज़ नेटवर्क द गार्जियन ने अपनी रिपोर्ट में एलन मस्क के हवाले से लिखा था, “रिमोटली काम करने की अनुमति नहीं है, जब तक कि आपके पास कोई विशिष्ट कारण न हो. मैनेजर, मुझे अपवादों की लिस्ट भेजेंगे, जिनकी जांच मैं खुद करूंगा.”
अब ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों पर गिरी गाज
Twitter के मालिक एलन मस्क ने रेगुलर कर्मचारियों को हटाने के बाद अब कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले लगभग 4,400 कर्मचारियों को बाहर कर दिया है. प्लेटफॉर्मर की एक रिपोर्ट कहती है कि ट्विटर ने बिना किसी पूर्व सूचना के इन कर्मचारियों को हटाया है. जब कर्मचारियों ने अपने ऑफिशियल मेल और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का एक्सेस खो दिया, तब उन्हें अहसास हुआ कि उन्हें हटा दिया गया है.
