मानगो दुष्कर्म की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग पर हाईकोर्ट का फैसला 22 जून को
पीड़िता ने बताया कि इंद्रपाल सैनी एक औरत की मदद लेकर उसे डिमना लेक के पास रिसॉर्ट, हाई-वे के कुछ होटलों और अन्य जगहों पर देह व्यापार के लिए ले जाया करता था. इस मामले में पुलिस ने एक औरत तनुश्री नायक को पकड़ा था मगर एक दिन से पहले ही उसे छोड़ भी दिया.
जमशेदपुर के चर्चित मानगो दुष्कर्म की जांच पीड़ित पक्ष द्वारा सीबीआई से कराए जाने की मांग पर हाईकोर्ट 22 जून को फैसला देगा. बता दें कि मानगो दुष्कर्म मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद प्रतिष्ठित आरोपियों को गिरफ्तार न करके सिर्फ तीन आम आरोपियों को गिरफ्तार करने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की ओर से प्रस्तुत केस डायरी में आरोपी डीएसपी अजय केरकेट्टा और तत्कालीन एमजीएम थाना प्रभारी इम्दाद अंसारी के लोकेशन पीड़िता की ओर से बताए गए लोकेशन से मैच खाता बताया गया है. इसके बावजूद इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई. महज शुरुआती दौर में इन्हें लाइन क्लोज कर दिया गया और बाद में दूसरे शहरों में इनकी पदस्थापना भी कर दी गई. दूसरी तरफ पीड़िता के संरक्षक नानक सेठ कह रहे हैं कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से पीड़िता की मां ने हाईकोर्ट से सीबीआई जांच की गुहार लगाई है जिस पर 22 जून को सुनवाई होगी.
मालूम हो कि इस साल के जनवरी माह में पीड़िता की मां ने मानगो थाना में तीन नामजद आरोपियों इंद्रपाल सैनी, शिव कुमार महतो और श्रीकांत महतो के खिलाफ उसकी नाबालिग बेटी से मानगो की एक रिहायशी कॉलोनी में दुष्कर्म करने, जबरन देह व्यापार में ढकेलने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. मामले को लेकर पीड़िता से हुई पूछताछ में पीड़िता ने चौंकानेवाले खुलासे करते हुए आरोप लगाए थे कि एमजीएम थाना परिसर में थाना प्रभारी इम्दाद अंसारी और डीएसपी अजय केरकेट्टा ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
इतना ही नहीं पीड़िता ने बताया कि इंद्रपाल सैनी एक औरत की मदद लेकर उसे डिमना लेक के पास रिसॉर्ट, हाई-वे के कुछ होटलों और अन्य जगहों पर देह व्यापार के लिए ले जाया करता था. इस मामले में पुलिस ने एक औरत तनुश्री नायक को पकड़ा था मगर एक दिन से पहले ही उसे छोड़ भी दिया. पुलिस द्वारा पकड़ी गई उस औरत को छोड़ दिए जाने से भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं. इस मामले पर जमशेदपुर पुलिस कुछ भी कहने से बचती रही है.
इस मामले में एक अन्य आरोपी कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता के भाई गुड्डू गुप्ता ने हाई कोर्ट में शपथ पत्र दायर कर पीड़िता के संरक्षक नानक सेठ पर सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच का अनुरोध किया है. मामले की पेचीदगी को देखते हुए सबकी निगाहें अब 22 जून की ओर टिकी है जब हाई कोर्ट सीबीआई जांच को लेकर फैसला देगा.
