मां के ऑपरेशन के दौरान सीने से चिपका रहा कोआला का बच्चा, तस्वीरें देख आंखें हो जाएंगी नम
एक घायल मादा कोआला और उसके बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि कैसे एक कोआला का बच्चा अपनी मां को अस्पताल में इलाज के दौरान नहीं छोड़ रहा है.
ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग ने अब तक 50 करोड़ जानवरों के मारे जाने की खबर है. दुनिया के कोने-कोने से ऑस्ट्रेलिया की आग बुझाने और जंगली जानवरों को बचाने के लिए मदद पहुंचाई जा रही है. जंगल की आग को बुझाने में लगे कर्मी जानवरों को बचाने का काम भी कर रहे हैं. अब तक सैकड़ों जानवरों को आग से बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. वहीं, घायल हुए जानवरों का इलाज किया जा रहा है.
ऐसे ही एक घायल मादा कोआला और उसके बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि कैसे एक कोआला का बच्चा अपनी मां को अस्पताल में इलाज के दौरान नहीं छोड़ रहा है. दरअसल, दो सप्ताह पहले ऑस्ट्रेलिया में लगी आग में कोआला मां खुद को और अपने बच्चे को बचाने के लिए इधर-उधर भाग रही थी. इसी दौरान वह झुलस गई. हालांकि उसने बच्चे को कुछ भी नहीं होने दिया.
(फोटो साभारः Ben Beaden/Australia Zoo)
आग में झुलसी हुई कोआला को अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया कि मादा कोआला के फेफड़े में संक्रमण और चेहरे पर चोट थी. हमें उसकी सर्जरी करनी थी. लेकिन लिजी ने हादसे और आग से फैंटम को बचाए रखा. फैंटम को कहीं भी चोट नहीं आई. सर्जरी के दौरान फैंटम भी लिजी के साथ पूरी तरह से चिपका हुआ था. डॉक्टरों ने उसे कई बार हटाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना. इसके बाद डॉक्टरों ने लिजी का इलाज किया. डॉक्टरों ने बताया कि लिजी अब पहले से बेहतर है और जल्द ही ठीक हो जाएगी.
एक कोआला का उसके मां के प्रति यह प्रेम ही इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जब कोई बच्चा अपनी मां से इतना प्यार करेगा तो भगवान भी उसकी जान को बचाने के लिए नीचे आ जाएगा.
