गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में बड़ा एक्शन, थाईलैंड से आरोपी लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, पासपोर्ट भी होगा रद्द
Goa Night Club Fire: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपियों लूथरा ब्रदर्स सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया है. ये दोनों भाई घटना के कुछ ही घंटों के भीतर देश छोड़कर फरार हो गए थे. इस अग्निकांड में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई थी. इन दोनों ने दिल्ली की एक अदालत में अग्रिम जमानत की अपील दाखिल की थी लेकिन बुधवार को उनको कोई राहत नहीं मिली. इस दोनों आरोपियों के पासपोर्स भी सस्पेंड किए जाने की रिपोर्ट आई है. गोवा सरकार की ओर से इसको लेकर विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया गया था.
Goa Night Club Fire: गोवा क्लब अग्निकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. इस घटना के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है. इसको अब भारत लाने की तैयारी की जा रही है. घटना के कुछ ही घंटों के भीतर ये दोनों थाईलैंड फरार हो गए थे. इन दोनों आरोपियों के पासपोर्स भी सस्पेंड कर दिए गए हैं. इस अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी. यह घटना शनिवार-रविवार रात यानी छह दिसंबर की रात में घटी थी. उसी रात ये दोनों भाई इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड भाग गए थे. दोनों भाइयों को थाईलैंड के फुकेट के एक होटल से हिरासत में लिया गया. आज गुरुवार शाम तक इन दोनों को भारत लाया जा सकता है.
पासपोर्ट भी होगा रद्द
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह कदम राज्य सरकार के अनुरोध के बाद उठाया गया है. सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंत्रालय को गोवा सरकार से गौरव और सौरभ लूथरा के संबंध में एक पत्र प्राप्त हुआ था. उन्होंने बताया कि मंत्रालय नियमों के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के तहत उनके पासपोर्ट रद्द करने के अनुरोध को मंजूर कर लिया. उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था.
कोर्ट से नहीं मिली थी राहत
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा बुधवार को दिल्ली की एक अदालत से अंतरिम राहत पाने में असफल रहे, जिसने उनकी ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी. आरोपियों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहीं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने गोवा से जवाब मांगा और अगली सुनवाई बृहस्पतिवार के लिए तय की. दोनों भाइयों ने चार सप्ताह की अग्रिम जमानत का अनुरोध किया है ताकि थाईलैंड से दिल्ली लौटने के तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार न किया जाए.
सह-मालिक अजय गुप्ता को गोवा लाया गया
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के सह-मालिकों में से एक अजय गुप्ता को बुधवार को ट्रॉजिट रिमांड पर दिल्ली से गोवा लाया गया. एक अधिकारी ने बताया कि गोवा पुलिस गुप्ता को लेकर विमान से रात 9:45 बजे मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मोपा पहुंची फिर उसे आगे की जांच के लिए अंजुना पुलिस थाने ले जाया गया. इससे पहले दिन में जम्मू निवासी गुप्ता को दिल्ली में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने गोवा पुलिस को उन्हें तटीय राज्य ले जाने के लिए 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी. गुप्ता के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया गया था.
