'पाक नागरिकों' की भारतीय सुरक्षाबलों में भर्ती, क्या कहते हैं नोटिफिकेशन के प्रावधान, सच्चाई जान चौंक जाएंंगे आप
CAPF Bharti 2024: कर्मचारी चयन आयोग ने अर्धसैनिक बलों में 26000 कांस्टेबल की भर्ती के लिए आवेदन जारी किए हैं. आवेदन में पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों की भर्ती के लिए प्रावधानों का जिक्र भी किया गया है.
Constables Recruitment in Paramilitary Forces: 1947 में बंटवारे के बाद से लेकर अब तक पाकिस्तान लगातार भारत के खिलाफ कोई न कोई नापाक साजिश रचता आया है. पाकिस्तानी नापाक इरादों के प्रमाण 1947, 1965, 1971 और कारगिल युद्ध के साथ-साथ जम्मू और कश्मीर में हो रही आतंकी घटनाओं के जरिए लगातार मिलते रहे हैं. शायद यही वजह है कि भारत अपने इस पड़ोसी मुल्क की गिनती दुश्मन देशों में करता आया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज भी ‘पाक नागरिक’ भारतीय सुरक्षाबलों का हिस्सा बन सकते हैं? जी हां, भारतीय सुरक्षाबलों में ‘पाक नागरिकों’ की भी भर्ती होती है.
ये एक बड़ा सवाल बना हुआ है कि ‘पाकिस्तानी नागरिकों’ के लिए भारतीय अर्धसैनिक बलों में अभी भी जगह बनी हुई है. इस सवाल का जवाब बीते दिनों कर्मचारी चयन आयोग (एसएसबी) द्वारा भारतीय अर्धसैनिक बलों की भर्ती को लेकर जारी नोटिफिकेशन से साफ हो जाता है. भर्ती नोटिफिकेशन के प्रावधान बताते हैं कि ऐसे पश्चिमी पाकिस्तान के नागरिकों के लिए अभी भी भारतीय सुरक्षाबलों में जगह बनी हुई है, जो शरणार्थी के तौर पर जम्मू और कश्मीर में रहते हों और भारत सरकार द्वारा निर्धारित कुछ प्रावधानों और शर्तो पर खरे उतरते हों.
क्या कहता है अर्धसैनिक बलों में भर्ती का नोटिफिकेशन?
भर्ती नोटिफिकेशन का प्रावधान 6.8 बताता है कि पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी, जो जम्मू और कश्मीर राज्य में बस गए हैं, वह भारतीय अर्धसैनिक बलों की भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. नोटिफिकेशन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऐसे पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी, जिन्हें जम्मू और कश्मीर राज्य का नागरिक होने का दर्जा नहीं मिला है, वह भी अर्धसैनिक बलों की भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. इतना ही नहीं, पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों की भर्ती जम्मू और कश्मीर राज्य के नामित प्राधिकारी से अधिवास प्रमाणपत्र के बिना भी की जा सकती है.
ये कहता है नोटिफिकेशन.
भर्ती के लिए ‘पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी’ को चाहिए यह प्रमाणपत्र
अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि ‘पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों’ को अनुबंध-XIII के अनुसार पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी के लिए मूल निवास या पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा. उल्लेखनीय है कि नोटिफिकेशन में उल्लेखित यह प्रमाणपत्र सरपंच या नंबरदार या नायब तहसीलदार द्वारा जारी किया जाता है. जिसमें उसके पाकिस्तान के घर का पता हो और 1947 के भारत-पाक संघर्ष के बाद पाकिस्तान से प्रवास करने की बात प्रमाणित की गई हो.
ये है नियम.
अर्धसैनिक बलों में हो रही है 26146 जवानों की भर्ती
उल्लेखनीय है कि अर्धसैनिकबलों में जवानों की भर्ती के लिए बीते दिनों कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने एक नोटिफिकेशन जारी किया था. इस नोटिफिकेशन के जरिए, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), असम राइफल्स और सचिवालय सुरक्षा बल में 26146 कांस्टेबल की भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं. इनमें 23,347 पद पुरुषों के लिए और 2799 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.
