Lok Sabha Election 2019: वोटर लिस्ट से गायब तो नहीं है आपका नाम, इस ऐप से करें चेक
Missing Voters ऐप के जरिए आप बस कुछ मिनटों में पता कर सकते हैं कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं
अगले दो हफ्तों के भीतर लोकसभा चुनाव की शुरुआत हो जाएगी. अगर आप भी उनमें से हैं जो इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आपका वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. इलेक्शन कमिशन की वेबसाइट के अलावा आप एक ऐप के जरिए भी इस बात की जानकारी पा सकते हैं कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं.
इस ऐप का नाम मिसिंग वोटर ऐप है. इस ऐप को हैदराबाद के खालिद सैफुल्लाह की रेलैब्स टेक्नोलॉजी ने बनाया है. खालिद ने ऐप के बारे में बात करते हुए न्यूज़18 को बताया कि उन्होंने पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान इस ऐप पर काम करना शुरू किया था. मतदाता सूची का अध्ययन करने के बाद उन्होंने दावा किया था कि करीब 20 प्रतिशत मुसलमान मतदाता सूची से गायब थे.
ये भी पढ़ेंः Xiaomi के इस चार्जर से सिर्फ 17 मिनट में चार्ज हो जाएगा आपका फोन, देखें Video
कैसे लगाया मिसिंग वोटर्स का पता?
सैफुल्लाह ने बताया कि, '' मैं इलेक्शन कमिशन के डेटा का इस्तेमाल करता हूं और उसी के हिसाब से उन घरों की पहचान करता हू जिनमें सिर्फ एक वोटर है. इसके लिए मैं सेंसस के डेटा का इस्तेमाल करता हूं. सेंसस के अनुसार पूरे देश में पांच प्रतिशत घर ऐसे हो सकते हैं जिसमें एक वोटर हो. मैं इलेक्टोरल डेटा से जब उसी तरह की रिपोर्ट बनाता हूं तो ऐसे 10 प्रतिशत घर हैं. इसी आंकड़े के अनुसार मैं मिसिंग वोटर्स का डेटा निकालता हूं.''
ये भी पढ़ेंः अब अपनी कार में बैठकर ऑर्डर करें पिज्जा, Domino's शुरू करेगा सर्विस
इलेक्शन कमिशन से कितना अलग है यह ऐप?
जब हमने इसके बारे में सवाल पूछा कि अगर किसी को वोटर आईडी कार्ड बनवाना है तो वह इलेक्शन कमिशन की साइट या ऐप का इस्तेमाल न कर के आपके ऐप के जरिए क्यूं कार्ड बनवाए. इस पर सैफुल्लाह ने बताया कि इलेक्शन कमिशन की साइट पर नया कार्ड अप्लाई करने के लिए लोगों को बहुत सारे डॉक्यूमेंट्स देने होते हैं और यह फॉर्म काफी लंबा है लेकिन ऐप में उन्हें सिर्फ अपना एड्रेस प्रूफ, फोटो, और नाम व पता देना होगा इसके बाद उनके वॉलेंटियर अप्लाई करने वाले के घर जाकर उसके फॉर्म को भरेंगे. इसके बाद फॉर्म ऐप से रिडायरेक्ट होकर इलेक्शन कमिशन की साइट पर चला जाएगा और इसके बाद वैरिफिकेशन के बाद उनका कार्ड बन जाएगा.
लोगों का डेटा कितना सिक्योर?
इस सवाल पर सैफुल्लाह ने बताया कि एक बार लोगों का कार्ड बनने के बाद वे उस डेटा को डिलीट कर देते हैं. वे इस ऐप के लिए एक सिक्योर सर्वर का इस्तेमाल करते हैं. जब किसी व्यक्ति का कार्ड बन जाता है तो उसके बाद ऑटोमेटिकली उस व्यक्ति का डेटा डिलीट हो जाता है.
ये भी पढ़ेंः देखें ये 30 मिनट का वीडियो और सीखें अंग्रेजी के सभी Tense
ऐसे काम करता है ऐप
यह ऐप iOS और एंड्रॉयड दोनों के लिए फ्री में उपलब्ध है. अगर आप इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं तो आपको इसे ऐप स्टोर से डाउनलोड करना होगा और मोबाइल नंबर डाल कर रजिस्टर करना होगा. इसमें आपको अपने नाम से लेकर निर्वाचन क्षेत्र, सभी की जानकारी देनी होगी. इसेक बाद आप अपना नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने से लेकर लिस्ट में अपने नाम तक सभी की जानकारी पा सकेंगे.
