कासगंज हिंसा: मुख्य आरोपी के बाद एक और अभियुक्त सलमान गिरफ्तार
कासगंज हिंसा मामले में फिलहाल मुख्य आरोपी वसीम जावेद और नसीम जावेद अभी भी फरार हैं.
कासगंज हिंसा के दौरान हुए चंदन गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सलमान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवाब का निवासी है. पुलिस ने सलमान के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं. इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. मामले में फिलहाल मुख्य आरोपी वसीम जावेद और नसीम जावेद अभी भी फरार हैं. गौरतलब है कि पुलिस एफआईआर के मुताबिक सलीम की ही गोली से चंदन की मौत हुई थी. आरोपियों की धर पकड़ के लिए एसटीएफ लगातार कैंप भी कर रही है.
उधर चंदन गुप्ता का परिवार मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने एनेक्सी पहुंचा. चंदन के परिवार से सीएम योगी की यह मुलाकात मुख्यमंत्री कार्यालय एनेक्सी में हुई. सीएम योगी से मिलने चंदन गुप्ता की बहन और मां पहुंचीं. चंदन का परिवार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और बचे हुए आरोपियों की जल्द धरपकड़ की मांग सीएम योगी से की. वहीं चंदन को शहीद का दर्जा देने के मामले में सीएम योगी ने कोई जवाब नहीं दिया है.
मुलाकात के बाद मृतक चंदन की बहन ने बताया कि हम लोगों ने एक मांग पत्र मुख्यमंत्री सीएम योगी को दिया है. उन्होंने हमे भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.
बता दें कि परिजन चंदन को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं. खुद सीएम योगी ने ट्वीट कर 20 लाख की मदद की घोषणा की थी. गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को विश्व हिन्दू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जा रही मोटरसाइकिल रैली पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी थी. इसके बाद हुई आगजनी और फायरिंग में एक किशोर चंदन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे.
मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों की लिस्ट जारी की है. अब तक इस मामले में 119 लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं. हिंसा में दर्ज 5 एफआईआर के तहत 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 81 लोगों को धारा-144 के उल्लंघन के आरोप में अरेस्ट किया गया है. कासगंज हिंसा के दौरान शहर में आगजनी की 7 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं.
चंदन हत्याकांड के नामज़द आरोपियों की लिस्ट में सलीम, वसीम, नसीम मुख्य आरोपी हैं. इनके अलावा जाहिद जग्गा, आसिफ़ हिटलर को भी आरोपी बनाया गया है. असलम, असीम, नसरुद्दीन, आकरम, तौफीक, खिल्लन, शबाब, राहत, सलमान, मोहसिन, साकिब, बब्लू, नीशू और वासिफ को भी आरोपी बनाया गया है.
(इनपुट: हिमांशु त्रिपाठी)
