मुन्ना बजरंगी के हत्यारोपी सुनील राठी को फतेहगढ़ की जेल में किया शिफ्ट
माफिया मुन्ना बजरंगी की सोमवार को यूपी के बागपत जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. सोमवार को ही उसकी पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के आरोप में बागपत कोर्ट में पेशी होनी थी.
कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी की हत्या का आरोपी सुनील राठी बागपत की जेल से फतेहगढ़ के सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है. पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार ने मीडिया को बताया कि, 'इस संबंध में शासनादेश मिल गया है और उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है.'
संयुक्त सचिव सूर्य प्रताप सिंह सेंगर की ओर से महानिरीक्षक (कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं) को भेजे पत्र में निर्देश दिया गया कि जिला कारागार बागपत में बंद विचाराधीन सुनील राठी को प्रशासनिक आधार पर सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में शिफ्ट करने की स्वीकृति प्रदान की जाती है.
कुमार ने बताया कि बजरंगी की बागपत जेल में हत्या के बाद कारागार प्रशासन चौकस है और ये कदम इसलिए उठाया गया है ताकि कोई कोताही ना होने पाये.
ये भी पढ़ें: माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की मौत से पहले का VIDEO वायरल
क्या था पूरा मामला
बता दें कि माफिया मुन्ना बजरंगी की सोमवार को यूपी के बागपत जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. सोमवार को ही उसकी पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के आरोप में बागपत कोर्ट में पेशी होनी थी. उसे रविवार को झांसी से बागपत लाया गया था. पेशी से पहले ही जेल में उसे गोली मार दी गई. 7 लाख का इनामी बदमाश रह चुका सुपारी किलर मुन्ना बजरंगी की हत्या में सुनील राठी को आरोपी बनाया गया.
ये भी पढ़ें: मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद क्या सुनील राठी बन जाएगा यूपी का अगला डॉन?
