उत्तरकाशी में बादल फटने से तबाही, चारों तरफ सिर्फ मलबा, सेना-SDRF ने संभाला मोर्चा, अब तक 20 लोगों का रेस्क्यू
Uttarkashi Cloudburst News: उत्तरकाशी में धराली गांव के पास भारी बारिश से खीर गंगा नदी में उफान आया, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए. भारतीय सेना और SDRF की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है. 15-20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में धराली गांव के पास आज शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ. जिसमें भारी बारिश के बाद खीर गंगा नदी में अचानक उफान आ गया और देखते ही देखते पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए. तेज बहाव के चलते बाजार और आसपास के कई इलाके मलबे में दब गए.
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय सेना की टीम हरकत में आई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. यह इलाका भारतीय सेना के हर्षिल कैंप से सिर्फ 4 किलोमीटर दूर है. सेना की टीम घटना के सिर्फ 10 मिनट बाद मौके पर पहुंच गई थी. 150 जवान राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर करीब 20 मीटर ऊंचा मलबा जमा हो गया है, जिससे रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं.
रेस्क्यू करते सेना के जवान
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अब तक 15 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें से कई को चोटें भी आई हैं. घायलों का इलाज सेना की मेडिकल यूनिट में किया जा रहा है. वहीं, IG SDRF अरुण मोहन जोशी ने बताया कि SDRF की टीम भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है. एंबुलेंस, डॉक्टर और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौके पर हैं.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
कई यात्रियों के फंसे होने की आशंका
यह इलाका चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है, इसलिए हादसे के वक्त यहां यात्रियों की भी मौजूदगी थी. प्रशासन को आशंका है कि कुछ यात्री भी इस आपदा में फंसे हो सकते हैं. हालात को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और लगातार हालात पर नज़र रखी जा रही है. रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से चल रहा है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: धराली आर्मी बेस कैंप की तरफ भी बादल फटे, तीन जगह से आई तबाही की तस्वीरें