थाईलैंड: फुटबॉल खिलाड़ियों को बचाने के दौरान गोताखोर की मौत, ये थी वजह
पूर्व सैन्य गोताखोर सामन कुनोंट, ऑक्सीजन सप्लाई कम होने पर थाम लुआंग गुफा से बाहर निकल रहे थे. रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल एक सील कमांडर ने कहा कि वापसी के समय वह होश खो बैठे थे.
थाईलैंड में गुफा के अंदर फंसे 12 फुटबॉल प्लेयर्स और उनके कोच को बचाने के दौरान ऑक्सीजन खत्म होने से एक पूर्व सैन्य गोताखोर की मौत हो गई. चियांग राय के डिप्टी गवर्नर ने मौत को दुखद बताते हुए कहा कि पूर्व गोताखोर की मौत सुबह 2 बजे हुई.
पूर्व सैन्य गोताखोर सामन कुनोंट, ऑक्सीजन सप्लाई कम होने पर थाम लुआंग गुफा से बाहर निकल रहे थे. रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल एक सील कमांडर ने कहा कि वापसी के समय वह होश खो बैठे थे. उन्होंने बताया कि एक दोस्त ने सामन को बाहर लाने में मदद की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. कमांडर ने कहा कि हम अपना एक शख्स खो चुके हैं, हमें फिर भी विश्वास है और हम अपना काम जारी रखेंगे.
यह भी पढ़ें:थाईलैंड के फुकेट में नाव डूबने से 20 लोग लापता, तलाश जारी
3 जुलाई को इन 13 लोगों को गुफा में खोज लिया गया था. थाईलैंड की गुफा में फंसे युवा फुटबॉल टीम के नये वीडियो से पता चलता है कि लड़के हंस रहे हैं और कह रहे हैं कि वे ठीक हैं. लापता होने के नौ दिन बाद गोताखोरों ने उनका पता लगाया था. थाईलैंड की नौसेना सील के फुटेज में 12 सदस्यों की टीम में से 11 नजर आ रहे हैं और इनमें से प्रत्येक कैमरे के सामने परंपरागत थाई अंदाज में अभिवादन कर रहे हैं. वे खुद का उपनाम बताते हुए कहते हैं, "मैं ठीक हूं."
एक मिनट की क्लिप में 12 युवा फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक कह रहा है कि पहचान कराने के दौरान उसे भुला दिया गया, जिसके बाद सभी हंस पड़ते हैं. ब्रिटेन के गोताखोरों ने सोमवार को जब उनका पता लगाया तब लड़के काफी शांत और सतर्क नजर आ रहे थे . गुफा के अंदर पानी बढ़ने से वे एक कीचड़ वाले स्थान पर नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: थाईलैंड अधिकारी का बयान, एक साथ बाहर नहीं आ सकती पूरी फुटबॉल टीम
चुनौतीपूर्ण बचाव कार्य के दौरान नौसेना सील के कई गोताखोर और चिकित्सक वहां तैनात हैं. थाईलैंड के अधिकारियों का कहना है कि अब बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित करना है. थाईलैंड में बाढ़ग्रस्त गुफा में फंसी फुटबॉल टीम के बचाव अभियान की देखरेख कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि 12 खिलाड़ी और उनके कोच को एक ही बार में एक साथ बाहर नहीं निकाला जा सकता है.
चिआंग राय प्रांत के गवर्नर नारोंगसक ओसातानाकोर्न ने बुधवार को कहा, "सभी 13 लोगों को एक ही बार में बाहर नहीं निकाला जा सकता. अगर उनका स्वास्थ्य ठीक और व्यक्ति 100 फीसदी तैयार है तभी वह बाहर आ सकते हैं." उन्होंने बताया कि अधिकारी हर दिन इसका आकलन करेंगे कि क्या वह बाहर निकलने के लिए तैयार हैं और अगर कोई जोखिम होगा तो हम आगे नहीं बढ़ेंगे.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: थाइलैंड की गुफा में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में लग सकतेे हैं 4 महीने
