होमताजा खबरउत्तर प्रदेशइलाहाबाद
जमातियों की मदद के आरोपी निलंबित प्रो. मोहम्मद शाहिद पर AU ने बिठाई जांच
जमातियों की मदद के आरोपी निलंबित प्रो. मोहम्मद शाहिद पर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने बिठाई जांच
Agency:News18 Uttar Pradesh
Last Updated:
इलाहाबाद सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी (Allahabad Central University) के कुलपति ने 5 प्रोफेसरों की कमेटी को जांच सौंप दी है. इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रोफेसर मोहम्मद शाहिद के निलंबन के बाद की कार्रवाई होगी.

प्रयागराज: कोरोना वायरस (coronavirus) की चपेट में इस समय पूरा देश आ चुका है. ऐसे में विदेशी जमातियों की मदद करने के आरोपी इलाहाबाद सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी (Allahabad Central University) के प्रोफेसर मोहम्मद शाहिद को सस्पेंड कर दिया गया है. प्रोफेसर शाहिद को महामारी एक्ट (Epidemic Act) के तहत गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेजा जा चुका है. वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अब प्रोफेसर शाहिद के खिलाफ मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया है.
5 प्रोफेसरों की टीम करेगी जांच
कुलपति प्रोफेसर आरआर तिवारी ने पांच प्रोफेसरों की कमेटी को जांच सौंप दी है. जांच रिपोर्ट कार्य परिषद की बैठक में रखी जायेगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रोफेसर मोहम्मद शाहिद के निलंबन के बाद की कार्रवाई होगी. बता दें प्रोफेसर मो शाहिद पर विदेशी जमातियों की मदद का आरोप लगा था. उनके खिलाफ महामारी छिपाने, विदेशी जमाती की मदद के साथ ही फारेनर्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था. पुलिस ने 21 अप्रैल को प्रोफेसर और 16 विदेशी जमातियों समेत 30 लोगों को जेल भेजा था.
पुलिस रिपोर्ट के आधार पर निलंबन
Advertisement
प्रोफेसर की गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेजे जाने की वजह से यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था. यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने पुलिस रिपोर्ट के आधार पर प्रोफेसर को सस्पेंड करने का आदेश दिया था. जिसके बाद रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला ने सस्पेंशन आर्डर जारी कर दिया.
प्रोफेसर शाहिद पर आरोप है कि उन्होंने जमात में शामिल होने के बाद भी जानकारी छिपाई थी. वे जमात से लौटने के बाद यूनिवर्सिटी भी गए थे और उन्होंने छात्रों की परीक्षा भी कराई थी. हालांकि कोरोना की जांच में प्रोफेसर शाहिद की रिपोर्ट निगेटिव आई थी. लेकिन जमात से लौटने की जानकारी प्रशासन से छिपाने और इंडोनेशिया से आए सात विदेशी जमातियों को प्रयागराज की एक मस्जिद में ठहराने के आरोप में उनके खिलाफ शिवकुटी थाने में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था.
इनपुट: सर्वेश दुबे
ये भी पढ़ें:
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। उत्तर प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|
और पढ़ें