मॉब लिंचिंग: देशभर में बदनाम हुआ अलवर, सवा साल में चौथा मामला
अलवर जिले में पहलू खां और उमर खान इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं जो भीड़ के शिकार हो गए थे.
राजस्थान का अलवर जिला मॉब लिंचिंग के मामले में देशभर में बदनाम हो चुका है. जिले में शुक्रवार रात को हुआ मॉब लिंचिंग का कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि यहां पहले भी इस तरह के मामले देशभर में सुर्खियां बन चुके हैं. अलवर जिले में पहलू खां और उमर खान इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं जो भीड़ के शिकार हो गए.
पहले दो मामले में जहां दो लोग भीड़ द्वारा मौत की घाट उतार दिए गए, वहीं तीसरे मामले में पुलिस के मौके पर पहुंच जाने से एक युवक की जान बच गई. लेकिन शनिवार को रामगढ़ इलाके में हुए चौथे मामले में फिर भीड़ ने एक युवक की जान ले ली. हरियाणा से सटे अलवर और भरतपुर के इलाकों में गोतस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जहां विशेष चौकियां भी खोली गई हैं, लेकिन गोरक्षा के नाम पर कथित गोरक्षक आए दिन इस तरह की वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं.
3 अप्रेल 2017 को बहरोड़ में
3 अप्रेल 2017 को अलवर जिले के बहरोड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर शाम के वक्त जागुवास चौक औद्योगिक क्रॉसिंग पर हुई घटना को भुलाया नहीं जा सकता. वहां गोरक्षा दल और अन्य हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने सैकड़ों लोगों के साथ गोतस्करी के आरोप में 6 वाहनों को रोककर 15 गोतस्करों के साथ मारपीट कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया था. मारपीट में गंभीर रूप से घायल पांच जनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनमें से मेवात जिले के नूंह के जयसिंहपुर निवासी 50 वर्षीय पहलू खां की 5 अप्रेल को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी.
9 नवंबर, 2017 को गोविंदगढ़ में
दूसरा बड़ा मामला 9 नवंबर, 2017 की रात को गोविंदगढ़ थाना इलाके में सामने आया था. कथित गोरक्षकों ने उमर खान की पिटाई के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी. बाद में शव को रेलवे पटरी पर डाल दिया था. पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया था. तीन दिन बाद परिजनों के आने के बाद घटना का खुलासा हुआ अन्यथा पुलिस मामले को दबाकर बैठे हुए थी.
23 दिसम्बर 2017 को रामगढ़ में
तीसरा बड़ा मामला अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 23 दिसम्बर 2017 को सामने आया. रामगढ़ थाना इलाके में एक बार फिर गाय ले जा रहे एक युवक की 40-50 लोगों ने पिटाई कर दी. गोरक्षा के नाम पर कथित गोरक्षकों ने उसकी जमकर पिटाई की, लेकिन गनीमत यह रही पुलिस समय पर पहुंच गई. अन्यथा उसकी पीट पीटकर हत्या कर दी जाती. पिटाई के बाद गंभीर हालत में युवक जाकिर खान को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया था. जाकिर अपने तीन साथियों के साथ अलवर जिले के बानसूर क्षेत्र से गाय लेकर हरियाणा जा रहा था.
यह भी पढ़ें:
गौतस्करों से मुकाबला करने के लिए ये जवान अपनाते हैं विशेष तकनीक
