पीएम मोदी नेता की तरह नहीं एक... क्या बोले BJP के मदन राठौड़? ऑपरेशन सिंदूर को बताया सक्सेस
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बताते हुए सेना और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की. इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी के संबोधन की भी तारीफ की.
जैसलमेरः राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जैसलमेर दौरे पर पहुंचे हुए हैं. इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बयान दिया. मदन राठौड़ से जब ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर में जो हमने निर्णय किया था, हमारी देश की फौज ने भी जो फैसला किया था कि उन आतंकवादी केंद्रों को नष्ट करना है, आतंकवादियों को नष्ट करना है, उनको जो संरक्षण देते हैं उनको सबक सीखाना है, जो प्रशिक्षण देते हैं उनको सबक सीखाना है और उसमें हमारी सेना सफल हुई.’
इसके अलावा उन्होंने कहा, ‘हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी बहुत ही स्पष्ट रूप से कहा था कि हम इनको चुन-चुन कर सबक सिखाएंगे. चुन-चुन कर मारेंगे और वही किया रावलपिंडी के निकट जाकर वहां पर भी हमले किए और उसमें भी आतंकवादियों के केंद्र को नष्ट किया. कई आतंकवादी जो लंबे समय से वांटेड थे, उनको भी मारा, उनको भी सबक सिखाया. जो बच गए वो भी प्रार्थना कर रहे हैं कि वो भी मर जाते तो अच्छा होता. ऑपरेशन सिंदूर सफल हुआ है. ये एक जनता में राष्ट्रभक्ति का जज्बा है और वो और लोगों को उत्साहित करने के लिए राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार करने के लिए तिरंगा यात्रा कर रहे हैं. स्वागत योग्य है और हम सब उसमें बढ़ चढ़ कर के उसमें हिस्सा ले रहे हैं.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘देश के सामने पीएम मोदी ने कोई नेता की तरह नहीं एक राष्ट्रभक्त सैनिक की तरह अपना संबोधन किया. जिसको पाकिस्तान की जनता भी सुन रही थी. पाकिस्तान का नेतृत्व और उसकी सेना भी सुन रही थी. सिद्ध चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का आतंकवादी हमला हुआ तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे, सबक सिखायेंगे. नेस्तनाबूद कर देंगे.’
