रेलवे का डिजिटल पहरा...अब मेले में कदम-कदम पर CCTV की नजर, 24 घंटे रहेंगी आंखें खुली, संदिग्धों की खैर नहीं
Jodhpur News: रामदेवरा मेले में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने हाईटेक कदम उठाते हुए स्टेशन पर 24 घंटे निगरानी के लिए 7 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं. इससे स्टेशन परिसर में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और कार्रवाई तुरंत संभव होगी.
जोधपुर. रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है. खासकर रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की निगरानी के लिए हाईटेक इंतजाम किए गए हैं. स्टेशन परिसर में अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल और टेलीकॉम) अनुपम कुमार ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार रामदेवरा स्टेशन पर 7 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे प्लेटफॉर्म और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को कवर करते हैं, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.अनुपम कुमार ने बताया कि ये कैमरे 24 घंटे काम करेंगे और इनकी फीड सीधे रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के कंट्रोल रूम तक पहुंचती है. इससे स्टेशन पर हो रही हर हलचल पर नजर रखी जा सकती है.
सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई
मेले के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ स्टेशन पर सुरक्षा बलों की संख्या भी बढ़ाई गई है. आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति स्टेशन पर कोई शरारत न कर सके.
भीड़ नियंत्रण में मददगार होंगे कैमरे
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कैमरे लगाने का उद्देश्य सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थाओं की निगरानी भी है.कैमरों के जरिए यह देखा जा सकता है कि कहां ज्यादा भीड़ जमा हो रही है, कहां यात्रियों को दिक्कत हो रही है, और कहां तुरंत मदद की जरूरत है. इससे त्वरित रिस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा जा सकता है.
यह भी पढे़ं: मुंबई का अनोखा रत्न…इस मंदिर में भक्तों की क्यों उमड़ती भीड़, पीछे की वजह कर देगी हैरान, जानें
रिकॉर्डिंग से जांच और निगरानी में मिलेगी मदद
स्टेशन पर लगे इन कैमरों की रिकॉर्डिंग भी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर बाद में जांच में इनका उपयोग किया जा सके. रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को दें.गौरतलब है कि हर साल भादवा मेले के दौरान रामदेवरा स्टेशन पर असामाजिक तत्वों की हलचल की आशंका बनी रहती है. ऐसे में यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगी, बल्कि पूरे मेले को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने में मददगार साबित होगी.