August Holiday List: आई छुट्टियों की लिस्ट...अगस्त में लगा त्यौहारों का मेला, कब है जन्माष्टमी, देखें लिस्ट
August Festival List: अगस्त महीना धार्मिक उल्लास से भरा रहेगा. इस दौरान कई धार्मिक आयोजन और पर्व मनाए जाएंगे. 16 अगस्त को जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी, वहीं 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. भक्तिमय माहौल से पूरा महीना रौनक से भर जाएगा.
सीकर. अगस्त में धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी. रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गोगानवमी और गणेश चतुर्थी जैसे बड़े त्योहार इसी माह आएंगे. अबकी बार गणेश चतुर्थी 27 अगस्त को बुधवार के दिन है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी मनाई जाती है. मान्यता है कि इस दिन भगवान गणेश का अवतार हुआ था, इसलिए ये तिथि उन्हें समर्पित मानी जाती है.
इस दिन भक्त गणपति बप्पा की मूर्ति को अपने घरों या मंडपों में स्थापित करते हैं और अगले 10 दिनों तक उनकी पूजा करते हैं.
चतुर्थी होने से वृश्चिक लग्न श्रेष्ठ है
पंडित दीपक शर्मा के अनुसार श्री गणेश को विघ्नहर्ता अर्थात बाधाओं को दूर करने वाले बुद्धि व विवेक के देवता और सभी शुभकार्यों की शुरुआत के आराध्य माना जाता है. उन्होंने बताया कि मध्यान्ह काल में चतुर्थी होने से वृश्चिक लग्न श्रेष्ठ बताया गया है. बुधवार के दिन पूजन पूजन के लिए सुबह 11:13 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक का समय श्रेष्ठ रहेगा. दोपहर 12:11 से 1:45 तक वृश्चिक लग्न और भी श्रेष्ठ रहेगा. चौघड़िया प्रातः 6:8 से 9:18 बजे तक है. इसके अलावा सुबह 10:53 से दोपहर 12:28 तक भी स्थापना-पूजन करना श्रेष्ठ रहेगा. गणेश महोत्सव अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ पूर्ण होगा. गणेश चतुर्थी पर पीला, लाल या गुलाबी रंग के कपड़े पहनना शुभ रहता है.
गोगानवमी 17 को मनाएंगे
पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी 16 अगस्त को है. 17 को गोगानवमी मनाई जाएगी. इस दिन गोगा महाराज की मेड़ियों में मेले लगेंगे. इससे पहले रक्षाबंधन 9 अगस्त को मनाया जाएगा. इस दिन श्रावणी पूर्णिमा है. इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा नहीं रहेगी. ऐसा 100 साल बाद हो रहा है. भद्रा के नहीं होने से बहनें पूरे दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी. इस बार रक्षाबंधन पर दुर्लभ योग भी बन रहे हैं जो 297 साल बाद आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Tips And Tricks: अब गोभी होगी पहले से भी ज्यादा फायदेमंद, इन 5 देसी जुगाड़ से निकाले कीड़ें, पाएं छूटकारा