UP Weather: कमजोर हो गया मानसून, आज टिप-टिप बरसेंगे बादल, 3 दिन बाद फिर होगी भारी बारिश?
UP Weather 15 August : यूपी में एक बार फिर मानसून कमजोर पड़ता दिख रहा है, लेकिन ऐसा ज्यादा दिन नहीं रहेगा. बादल फिर लौटेंगे, सैलाब फिर आएगा. लेकिन आज का मौसम कैसा रहेगा, आइये जानते हैं.
वाराणसीः उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है. मानसून के कमजोर होने से सूबे के अलग-अलग जिलों में अब बादलों की आवाजाही कम हो जाएगी. हालांकि थोड़ी-बहुत बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले तीन दिन के बाद मानसून फिर से जोर पकड़ सकता है. आसमान में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है. लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 15 अगस्त को यानी कि आज सूबे से पूर्वी और पश्चिमी संभाग के कई जिलों में बारिश की बूंदे पड़ेंगी. लेकिन भारी बारिश को लेकर फिलहाल मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है.
इन जिलों में छिटपुट बारिश
पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ और बागपत में बारिश की संभावना है. गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, संभल, हरदोई, बदायूं, एटा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, महराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, कुशीनगर, महोबा और झांसी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान मध्यम से हल्की बारिश का अनुमान है. कानपुर में आज आसमान साफ होगा. तीखी धूप की किरणें गर्मी का अहसास कराएगी. अधिकतक तापमान में भी थोड़ा उछाल आ सकता है.
बारिश में न फेफड़े में कोई समस्या होगी, न फूलेगी सांस…ये उपाय सबसे तगड़ा, मिनटों में मिलेगा आराम
पहले बढ़ेगा फिर घटता जाएगा
15 अगस्त को वाराणसी में भी मौसम खुला रहेगा. इस दौरान तीखी धूप उमस भरी गर्मी का अहसास कराएगी. वाराणसी के आसपास यानी जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, आजमगढ़, मऊ और बलिया में भी मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान है. बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 72 घण्टों में यूपी के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा. इसके बाद इसमें क्रमिक गिरावट अगले 4 दिनों तक देखने को मिलेगी.