WC 2023: पाकिस्तानी दिग्गज ने अगले मैच में अपनी टीम के मुकाबले अफगानिस्तान को माना फेवरेट, बताई वजह
वर्ल्डकप 2023 में हर गुजरते मैच के साथ पाकिस्तान क्रिकेट टीम की परेशानी बढ़ती जा रही हैं. टीम अपने चार मैचों में से दो में हार का सामना कर चुकी है. पाकिस्तान का अगला मैच सोमवार को अफगानिस्तान से है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने अपने देश की टीम की तुलना में अफगान टीम को जीत का फेवरेट माना है. उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई है.
- रमीज बोले, स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहे पाकिस्तानी बैटर
- चेन्नई का विकेट स्पिन के लिए मददगार साबित होता आया है
- अफगानिस्तान का स्पिन आक्रमण इस समय विश्व में है सर्वश्रेष्ठ
नई दिल्ली. वर्ल्डकप 2023 (World Cup 2023) के अंतर्गत बाबर आजम (Babar Azam )की पाकिस्तान टीम (Pakistan Cricket Team) तमाम मुश्किलों में फंसी नजर आ रही है. नीदरलैंड्स और श्रीलंका के खिलाफ शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल करके जोरदार आगाज करने वाली पाकिस्तान टीम को अगले दो मैचों में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. इन दो हारों के बाद टीम की सेमीफाइनल में प्रवेश की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं. अंतिम चार में प्रवेश की संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए टीम को अपने अगले पांच मैचों से कम से कम तीन में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी.
बाबर ब्रिगेड अपने मुल्क में आलोचकों के निशाने पर है. पूर्व क्रिकेटर और अवाम की नाराजगी इस बात को लेकर है कि उनके प्लेयर्स मैदान पर लड़ने का जज्बा नहीं दिखा रहे और आसान समर्पण करके हार स्वीकार कर रहे हैं. कुछ का तो यह भी कहना है कि बॉलिंग और बैटिंग-दोनों ही क्षेत्रों में कमजोर लग रही है और बाबर आजम की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की योग्यता नहीं नहीं रखती. पाकिस्तान टीम को अपना अगला मैच सोमवार यानी 23 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ (Pakistan vs Afghanistan) चेन्नई में खेलना है. पूर्व रिकॉर्ड और संतुलन के लिहाज से पाकिस्तान टीम को भले ही अफगानिस्तान पर भारी माना जा रहा हो लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा की राय इससे अलग है. पीसीबी के पूर्व चेयरमैन और कमेंटेटर रमीज राजा (Ramiz Raja) ने चेपॉक के स्पिन के मददगार विकेट पर हशमतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi) की अफगान टीम को जीत का फेवरेट माना है.
‘जिस विकेट पर 350 रन बने, तो वो अच्छी…बाकी?’ ICC पर क्यों भड़के द्रविड़
रमीज ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘पाकिस्तान टीम का वर्ल्डकप 2023 में स्पिन के खिलाफ अब तक रिकॉर्ड खराब रहा है. इसके बैटर अब तक स्पिन के खिलाफ सहज नजर नहीं आए हैं. चूंकि पाकिस्तान टीम के अगले मैच का स्थान स्पिन गेंदबाजों को मददगार माना जाता है, ऐसे में राशिद खान की अगुवाई वाले अफगान स्पिन अटैक का सामना करना पाकिस्तानी बैटर्स के लिए आसान नहीं होगा.’ पाकिस्तान के इस पूर्व क्रिकेटर ने अफगानिस्तान के स्पिन आक्रमण को मौजूदा समय में विश्व का सर्वश्रेष्ठ माना. उन्होंने कहा कि स्पिन बॉलिंग, चेन्नई में भी पाकिस्तान की टीम की कठिन परीक्षा ले सकती है.
इंग्लैंड पर वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा, कैप्टन बटलर का भी विश्वास डगमगाया
रमीज ने कहा, ‘पाकिस्तान के लिए हालात को अपने पक्ष में पलटना मुश्किल होगा. अफगास्तिान के खिलाफ चेन्नई में होने वाले अगले मैच में कुछ भी हो सकता है.यदि यह स्पिन विकेट रहता है तो मेरी राय में अफगानिस्तान फेवरेट के तौर पर पाकिस्तान से कुछ आगे है.’अफगानिस्तान के बाद पाकिस्तान टीम को अपना अगला मेच 27 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका, 31 अक्टूबर को बांग्लादेश, 4 नवंबर को न्यूजीलैंड और 11 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेलने हैं. आगे के पांच मैचों में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ ही पाकिस्मतान की जीत कीसंभावनाएं सबसे उजली मानी जा सकती है. दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड मैच में उसे जीत के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है.
